अम्बेडकरनगर में क्रूरतम हत्या से सनसनी, पहले धारदार हथियार से हमला फिर लगाया करंट

Spread the love

UP के अम्बेडकरनगर में मालीपुर के तेंदुआ दियरा गांव में बृहस्पतिवार सुबह 45 वर्षीय अजय कुमार उर्फ गब्बर शुक्ला की हत्या से हडकंप मच गया. उनका शव घर के चैनल के पास खून से लथपथ मिला. ग्रामीणों के मुताबिक, शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे और पैर में बिजली का तार लपेटकर करंट प्रवाहित किया गया था. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी. एसपी प्राची सिंह ने घटना स्थल का लिया जाएजा.

अजय कुमार अविवाहित थे और गांव की आबादी से कुछ दूरी पर स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे. गाँव में रहकर खेती-किसानी का काम करते थे. उनके बड़े भाई राजेश शुक्ला परिवार के साथ गुजरात के सूरत में रहते हैं. परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात खाना खाने के बाद अजय घर में सोने चले गए थे.

सुबह करीब आठ बजे कुछ ग्रामीण अजय को जगाने उनके घर पहुंचे. चैनल के पास उन्हें खून से लथपथ पड़ा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए. पैर में बिजली का तार लिपटा था. ग्रामीणों ने पहले तार हटाया और इसके बाद पुलिस को सूचना दी. किचन से एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अजय पर पहले किचन में धारदार हथियार से हमला किया गया और इसके बाद उन्हें चैनल गेट के पास तख्ते पर लिटाकर पैर में बिजली का तार बांधकर करंट लगाया गया.

हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना का क्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना की सूचना मिलने पर सीओ अनूप कुमार सिंह, थाना प्रभारी शशांक शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

जिले में फिर हत्या से सनसनी, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल: हत्या की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में हत्या की घटनाएं सामने आने से लोगों में भय और दहशत का माहौल है. ताजा मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के तेन्दुआ इटौरी धमरूआ गांव का है, जहां अजय शुक्ला पुत्र बैजनाथ शुक्ला, उम्र करीब 43 वर्ष, की हत्या कर दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हत्या के पीछे क्या कारण रहा और वारदात को किसने अंजाम दिया, यह अभी जांच का विषय है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता नजर आ रहा है और आए दिन गंभीर वारदातें सामने आ रही हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का कितनी जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *