UP के वाराणसी जिले में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान के बाथरूम से 22 वर्षीय MSc छात्रा की सड़ी-गली लाश बरामद हुई. छात्रा की पहचान श्रेया उपाध्याय के रूप में हुई है. वह जगतपुर पीजी कॉलेज में MSc फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और 17 अगस्त से लापता थी. पुलिस के मुताबिक, जिस मकान से शव बरामद हुआ, वहां छात्रा का प्रेमी विवेक चौबे किराए पर रहता था. घटना के बाद से विवेक फरार है.
दरअसल, ये घटना रोहनिया थाना क्षेत्र के बछांव गांव की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, राजातालाब के मरुई-जमुनी गांव निवासी कपड़ा कारोबारी सुनील उपाध्याय की श्रेया इकलौती बेटी थी. परिजनों के मुताबिक, 17 अगस्त को वह कॉलेज गई थी, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब श्रेया का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत की गई. पुलिस ने छात्रा के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो रोहनिया के बछांव में मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली.

मृतक छात्रा श्रेया उपाध्याय
मोबाइल लोकेशन ने पहुंचाया कमरे तक: मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जिस कमरे की लोकेशन मिल रही थी उसका दरवाजा बंद था. उस समय पुलिस को अंदर कुछ होने की जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद श्रेया की मां और परिवार के लोगों ने भी उसकी तलाश जारी रखी. 20 अगस्त को वे छात्रा के प्रेमी विवेक के मामा के घर मिर्जापुर के सीखड़ पहुंचे. वहां विवेक के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि वह वहां मौजूद नहीं है. इसी दौरान विवेक का एक बैग मिला. बैग से बच्छांव स्थित उसके कमरे की चाबी मिली.
मां ने खोला दरवाजा, अंदर फैली थी तेज दुर्गंध: चाबी लेकर श्रेया की मां बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचीं. जैसे ही दरवाजा खोला गया, अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी. कमरे की तलाशी लेने पर बाथरूम में श्रेया की सड़ी-गली लाश पड़ी मिली. बेटी का शव देखते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया. पानी में पड़े रहने की वजह से शव काफी खराब स्थिति में बताया जा रहा है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
प्रेमी से ऐसे हुई थी मुलाकात: पुलिस के अनुसार, श्रेया का प्रेमी विवेक चौबे चोलापुर के नियार गांव का रहने वाला है. उसका ननिहाल जमुनी गांव में है. विवेक अक्सर अपने ननिहाल आता-जाता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात श्रेया से हुई थी. पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. इसके बाद दोनों अक्सर मिलने लगे. विवेक बछांव में किराए के कमरे में रहता था. अब उसी कमरे के बाथरूम से श्रेया का शव मिलने के बाद पुलिस की जांच का केंद्र विवेक और उसके करीबियों पर है.
प्रेमी फरार, पुलिस कर रही तलाश: श्रेया का शव मिलने के बाद से उसका प्रेमी विवेक फरार है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. साथ ही मकान मालिक और विवेक के परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्रेया की मौत कैसे हुई, वह कमरे तक कैसे पहुंची और शव को बाथरूम में कब और किन परिस्थितियों में रखा गया.
परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल: श्रेया के परिजनों का आरोप है कि 17 अगस्त को गुमशुदगी की शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई. परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. इकलौती बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत: घटना की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया. फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस कमरे और बाथरूम की बारीकी से जांच कर रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और घटनाक्रम से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है.
पुलिस का क्या कहना है? DCP नीतू कादयान के मुताबिक, छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. युवती के प्रेमी की तलाश की जा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि श्रेया की मौत हादसा थी, आत्महत्या या फिर उसकी हत्या की गई थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
















Leave a Reply