कन्नौज में डीजे-कांवड़ रोकने पर जमकर बवाल; सदर कोतवाल ने किया इस्तीफे का ऐलान

Spread the love

UP के कन्नौज में शिवभक्ति के उत्साह के बीच शुक्रवार देर शाम बोर्डिंग मैदान के मुख्य गेट पर डीजे और बड़ी कांवड़ के झंडे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया. बिलग्राम से आ रहे कांवड़ियों को पुलिस ने डीजे और बड़ी कांवड़ के साथ आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद वहां भारी तनाव फैल गया. अचानक लगाई गई इस रोक से नाराज कांवड़ियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई.

कांवड़िए का आरोप, पुलिसकर्मी ने की पिटाई: प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों का आरोप है कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने बिलग्राम निवासी कांवड़िया हिमांशु के साथ मारपीट कर दी. इस घटना से शिवभक्तों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. बड़ी संख्या में कांवड़िए मौके पर एकत्र हो गए और सदर कोतवाल के तत्काल निलंबन की मांग को लेकर अड़ गए. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई.

समझाने पर भी नहीं बनी बात: हंगामे की सूचना मिलते ही एएसपी अजय कुमार, सीओ सदर शिल्पा वर्मा और सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी जिद पर अड़े रहे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में एडीएम देवेंद्र सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर बातचीत की और आक्रोशित शिवभक्तों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी.

बिना जलाभिषेक लौटे कई कांवड़िए: नाराज कांवड़ियों का कहना था कि उनकी यात्रा पिछले 29 वर्षों से इसी मार्ग और स्वरूप में अनवरत निकलती रही है, लेकिन इस बार अचानक नई परंपरा थोपते हुए डीजे और बड़ी कांवड़ के झंडे पर पाबंदी लगा दी गई. श्रद्धालुओं ने इसे उनकी धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताया. विवाद के चलते कई कांवड़िए प्रसिद्ध बाबा गौरी शंकर मंदिर में बिना जलाभिषेक किए ही वापस लौट गए, जिससे श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.

इस्तीफे के ऐलान के बाद माने कांवड़िए: कांवड़ियों का आक्रोश बढ़ता देख प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए. कांवड़ियों ने वापस हरदोई जाने का ऐलान कर दिया. इसी बीच सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने माइक संभाला और मंच से अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया. इसके बाद एडीएम देवेंद्र सिंह ने कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत की. बातचीत के बाद कांवड़िए शांत हुए और जलाभिषेक के लिए तैयार हो गए. अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *