UP में बदायूं जनपद के राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने पर मंगलवार को दिनभर हंगामा हुआ. यह हंगामा शाम होते-होते बवाल में बदल गया। ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने पर अड़े ग्रामीण उग्र हो गए. भीड़ ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों पर पथराव कर दिया.
करीब आधे घंटे तक हुए पथराव में एसडीएम, सीओ की गाड़ी सहित एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. अफसरों ने भागकर खुद को बचाया. पथराव में कई नागरिकों के साथ पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों के घायल होने की बात सामने आई है. अफसरों ने बलपूर्वक बवालियों को खदेड़ते हुए प्रतिमा कब्जे में कर ली. एक दर्जन बवालियों को हिरासत में ले लिया है.
पथराव में एक पीएसी का ट्रक, एक फायर ब्रिगेड, एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार की गाड़ी के साथ वजीरगंज, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा व बिल्सी के इंस्पेक्टरों और दो निजी एंबुलेंस के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. इसके अलावा वहां मौजूद आसफपुर के अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगा.
बवाल के दौरान एसडीएम के पैर पर पत्थर लगा. उनके अर्दली के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई है. इसके साथ आधा दर्जन महिला सिपाहियों सहित अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई हैं. सभी पुलिस कर्मी हेलमेट और दंगा नियंत्रण के दौरान पहनने वाली जैकेट नहीं पहने होते तो सभी को ज्यादा चोटें आतीं. इधर डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला.
















Leave a Reply