कानपुर के बिल्हौर में सुभानपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. बैंक से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनिल कुमार को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही वह बैंक पहुंचे और सहायक शाखा प्रबंधक ओम सिंह समेत पुलिस व फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी.
अंदर धुआं भरने से बढ़ी परेशानी: बैंक पहुंचने पर अनिल कुमार ने शाखा का दरवाजा खोला तो अंदर पूरा परिसर धुएं से भरा हुआ था. सहायक शाखा प्रबंधक ओम सिंह ने बताया कि बैंक में पहुंचने के बाद आग बुझाने के लिए वहां रखे फायर एस्टिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया. इसी दौरान पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई.

सर्वर केबिन में लगी थी आग: बताया गया कि रात के समय बैंक में बाहर की लाइटों और नजदीक स्थित एटीएम के सर्वर को छोड़कर अधिकांश विद्युत उपकरण बंद रहते हैं. प्रथम दृष्टया सर्वर केबिन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग की चपेट में आने से एसी,कंप्यूटर और कुछ अन्य उपकरणों के जलने की बात सामने आई है.
सर्वर केबिन तोड़कर बुझाई आग: सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. सर्वर केबिन में आग लगी होने के कारण वहां से लगातार धुआं निकल रहा था. फायर कर्मियों ने सर्वर केबिन का हिस्सा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पानी डालकर आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से बैंक में बड़ा हादसा होने से टल गया.
जांच के बाद सामने आएगा नुकसान: घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया. पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने बैंक परिसर का निरीक्षण किया. आग से सर्वर केबिन और बैंकिंग उपकरणों को कितना नुकसान हुआ है, इसका वास्तविक आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा.
सहायक शाखा प्रबंधक ने बताया कि घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक को दे दी गई है. उनके पहुंचने के बाद नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.
















Leave a Reply