कानपुर के बिठूर के कोठारी चौराहे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. करीब दस बजे इको और क्रेटा कार के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इको कार में सवार कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हादसे के बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े. लोगों ने आनन-फानन में वाहनों में फंसी सवारियों को बाहर निकाला. घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई.

चौराहे पर दोनों कारें थीं तेज रफ्तार: स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं. चौराहे पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद इको और क्रेटा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे की तस्वीर देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था.
थाने में भी नहीं थमा आरोप-प्रत्यारोप का दौर: हादसे की सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को कब्जे में लेकर उनके चालकों को वाहनों समेत थाने पहुंचाया. थाने में दोनों चालक हादसे के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते रहे. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते रहे.
बाल-बाल बची जिंदगी: तेज रफ्तार दो कारों की भीषण टक्कर के बावजूद किसी की जान न जाना बड़ी राहत की बात रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर वाहनों की तेज रफ्तार हादसे का बड़ा कारण बन रही है. लोगों ने चौराहे पर यातायात व्यवस्था और वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है.
थाना प्रभारी बोले- जाच कर कार्रवाई कि जाएगी: बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह दोनों वाहनों के चालकों के बयान तथा मौके की परिस्थितियों के आधार पर स्पष्ट की जाएगी.
















Leave a Reply