घाटमपुर क्षेत्र में बारिश से 5 कच्चे मकानों की छत-कमरे ढहे: बाल-बाल बचे लोग, SDM ने जांच के निर्देश दिए

Spread the love

कानपुर में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान पतारा कस्बे में पांच कच्चे मकानों के हिस्से ढह गए. हादसों के समय घरों में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। एक महिला को मामूली चोट आई है. कुछ परिवारों को पड़ोसियों के यहां रहने को मजबूर होना पड़ा.

किसी की छत गिरी, किसी का पूरा कमरा ढहा: पतारा निवासी प्रमोद तिवारी के कच्चे घर की दो छतें बारिश के दौरान ढह गईं. हादसे के समय वह घर से बाहर थे. इससे उनकी जान बच गई. शिववती पत्नी स्व. देवनारायण घर में खाना बना रही थीं. इसी दौरान पीछे का कमरा अचानक ढह गया। वह बाल-बाल बच गईं.

मिथलेश पत्नी स्व. सत्यनारायण घर पर थीं. तभी कच्ची छत गिर गई. हादसे में उन्हें मामूली चोट आई. पूनम पत्नी स्व. रामकुमार ने बताया कि उनका पूरा घर जगह-जगह से टपक रहा है. बारिश के कारण वह पड़ोसियों के यहां रहने को मजबूर हैं.

धीरेन्द्र द्विवेदी के घर की छत भी ढह गई. हादसे के समय उनकी पत्नी पूजा अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर घर से बाहर निकल ही रही थीं. तभी छत गिर गई. दोनों बाल-बाल बच गए. सुमन पत्नी स्व. उर्मेश के घर के दो कच्चे कमरे ढह गए. इससे उन्हें हजारों रुपए का नुकसान हुआ है.

SDM बोले- जर्जर मकानों में न रहें: घाटमपुर SDM अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तहसीलदार समेत सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्र में बारिश से गिरे कच्चे मकानों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं. लेखपालों की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान जर्जर और कच्चे मकानों में रहने से बचें. सुरक्षित स्थान पर रहें और खतरा महसूस होने पर तुरंत मकान खाली कर दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *