लखनऊ में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. कार सवार ने लड़की को टक्कर मार दी, जिससे वह बोनट पर लटक गई. लड़की चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने कार नहीं रोकी. 20-25 मीटर आगे जाकर उसने स्पीड बढ़ा दी. इससे लड़की सड़क पर गिर गई और आरोपी उसे कुचलते हुए भाग गया.
घटना बुधवार सुबह 6 बजे गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के पास हुई. इसका वीडियो भी सामने आया है. हालांकि, लड़की बाल-बाल बच गई। उसे चोटें आई हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है. घायल लड़की की पहचान अनामिका और आरोपी की शाहनवाज के रूप में हुई है. दोनों लखनऊ के ही रहने वाले हैं. अनामिका को शाहनवाज की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, अनामिका ने शाहनवाज को नई गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ लिया था. इसको लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. शाहनवाज कार लेकर भागने लगा, तो अनामिका उसे रोकने के लिए कार के सामने खड़ी हो गई. इसके बाद शाहनवाज ने उसे मारने की कोशिश की.
अनामिका का आरोप है कि शाहनवाज ने अपना नाम यश ठाकुर बताकर उसे अपने जाल में फंसाया था. घटना के 8 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी दुबग्गा इलाके का रहने वाला है और बाराबंकी में ठेकेदारी करता है.
आरोपी ने थान में कहा- मुझे फंसाया जा रहा है. लड़की 6-7 महीने से परेशान कर रही थी. मेरा पीछा कर रही थी. मुझसे पैसे भी लिए थे. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है. उसकी कार भी बरामद कर ली है. उसके नंबर प्लेट पर अधिवक्ता लिखा हुआ है.
















Leave a Reply