कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हाईवे पर बकरा व्यापारियों से 4.31 लाख रुपये की लूट हो गई. एक्सयूवी सवार बदमाशों ने व्यापारियों की ईको कार के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया और डंडों से हमला कर शीशे तोड़ दिए.
इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारियों से नकदी लूट ली. वारदात के बाद बदमाश एक्सयूवी से कन्नौज की ओर भागे, लेकिन कुछ दूर आगे वाहन मोड़कर कानपुर की तरफ जाने की बात सामने आई है.
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई वारदात के बाद शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बिल्हौर क्षेत्र में मंगलवार को वृद्ध किसान से दो लाख रुपये की टप्पेबाजी और बुधवार को व्यापारी की जेब काटने की कोशिश के बाद अब लूट की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

व्यापारियों की कार के आगे लगा दी एक्सयूवी: चौबेपुर निवासी बकरा व्यापारी शाहिद और आदिल दो अन्य साथियों के साथ किराये की ईको कार से बकरा खरीदने कन्नौज जा रहे थे। शिवराजपुर क्षेत्र में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे बाईपास पर दुबियाना अंडरपास और गंगा रोड अंडरपास के बीच पीछे से एक्सयूवी सवार बदमाश पहुंचे।
बदमाशों ने अपनी कार व्यापारियों की कार के आगे लगा दी और रास्ता रोक दिया। कार रुकते ही उन्होंने डंडों से हमला शुरू कर दिया।
डंडों से शीशे तोड़े, तमंचे के बल पर लूटे रुपये: व्यापारियों के मुताबिक, बदमाशों के हमले में कार के शीशे टूट गए। इसके बाद तमंचा दिखाकर व्यापारियों के पास रखे 4 लाख 31 हजार रुपये लूट लिए। दो अन्य व्यापारियों के पास अलग रखे रुपये बदमाशों के हाथ नहीं लग सके। वारदात के बाद बदमाश अपनी एक्सयूवी से कन्नौज की ओर भागे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने एक्सयूवी मोड़ ली और कानपुर की तरफ चले गए। सूचना मिलते ही शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर है और मामले की जांच की जा रही है।
दो दिन में टप्पेबाजी और जेबकटी की कोशिश: मंगलवार दोपहर बिल्हौर कस्बे में घर में पक्की छत डलवाने के लिए बैंक से दो लाख रुपये निकालकर जा रहे वृद्ध किसान रामकिशन के झोले से टप्पेबाजों ने रुपये पार कर दिए थे।
बुधवार को ऑटो से जा रहे एक व्यापारी की जेब से रुपये निकालने की कोशिश की गई थी। भनक लगने पर जेबकतरा रुपये निकाल नहीं सका और ऑटो से कूदकर भाग गया। अब हाईवे पर व्यापारियों से लाखों रुपये की लूट की घटना सामने आई है।
















Leave a Reply