UP PCS मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, 2297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए पास; कट ऑफ के लिए करना होगा इंतजार

Spread the love

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर आई है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया है. इस मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल हुए 10284 अभ्यर्थियों में से 2297 उम्मीदवारों को सफलता मिली है. अब ये सफल अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के सबसे अहम और अंतिम पड़ाव यानी इंटरव्यू में अपनी किस्मत आजमाएंगे. आयोग इस पूरी प्रक्रिया के जरिए कुल 814 पदों पर योग्य अफसरों की भर्ती करने जा रहा है.

कट ऑफ के लिए करना होगा इंतजार: अक्सर अभ्यर्थी परिणाम आने के तुरंत बाद अपने अंक और कट ऑफ देखने के लिए उत्सुक रहते हैं. लेकिन सचिव गिरिजेश त्यागी ने साफ किया है कि मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार कट ऑफ अंक अभी जारी नहीं किए गए हैं. यह पूरी जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी. तब तक अभ्यर्थियों को अपने प्राप्तांकों के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा.

कब हुआ मुख्य परीक्षा का आयोजन: लोक सेवा आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी ने नतीजों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा का आयोजन इसी साल 29 मार्च से लेकर एक अप्रैल 2026 के बीच कराया गया था. परीक्षा के लिए प्रदेश के दो प्रमुख शहरों, प्रयागराज और लखनऊ में कई परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इन केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों और पारदर्शिता के बीच परीक्षा संपन्न हुई थी. परीक्षा खत्म होने के बाद से ही अभ्यर्थी इसके नतीजों का इंतजार बड़ी बेसब्री से कर रहे थे, जो अब जाकर खत्म हुआ है.

814 पदों का क्या है पूरा गणित? इस बार की पीसीएस भर्ती में कुल 28 अलग अलग प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां निकाली गई थीं. चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और पद की जरूरतों के हिसाब से दो अलग हिस्सों में बांटा गया है. केवल लिखित परीक्षा वाले पदों की बात करें तो कुल 28 प्रकार के पदों में से एक पद ऐसा है, जिसकी 2 रिक्तियों पर चयन सिर्फ लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर ही होना है. इन दोनों पदों का अंतिम परिणाम मुख्य इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अंतिम चयन परिणाम के साथ ही सार्वजनिक किया जाएगा. वहीं साक्षात्कार वाले पदों की बात करें तो बाकी बचे 812 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों के प्राप्तांकों को जोड़कर किया जाएगा. इन्हीं 812 पदों के लिए आयोग ने 2297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र माना है. यानी एक पद पर औसतन तीन अभ्यर्थियों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा.

परिणाम पर रहेगा हाईकोर्ट के फैसले का साया: यूपीपीएससी ने नतीजे जारी करने के साथ ही एक बेहद महत्वपूर्ण कानूनी पहलू भी साफ कर दिया है. आयोग के अनुसार, यह पूरा परीक्षा परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रहे मामलों के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा. पहला मामला अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य से जुड़ा है, जिसमें अदालत जो भी आदेश देगी, उसका असर नतीजों पर पड़ेगा. वहीं दूसरा मामला उत्तर प्रदेश से बाहर की महिला अभ्यर्थियों के आरक्षण से संबंधित है, जो हाईकोर्ट में लंबित विशेष अपील के अंतिम निर्णय के तहत माना जाएगा.

गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले 2297 अभ्यर्थियों के लिए अब समय बहुत कीमती है. आयोग जल्द ही साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम, तिथियां और कॉल लेटर डाउनलोड करने की जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर साझा करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *