कानपुर चौबेपुर के शांतिनगर मोहल्ले में चोरी की नीयत से घुसे बदमाश ने बुजुर्ग महिला को पीट-पीट कर मरणासन्न कर दिया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. महिला की मौत होने के बाद चौबेपुर थाने की पुलिस हरकत में आई और मामले में रिपोर्ट दर्ज लिया. इसके साथ ही गुरुवार को शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है.
परिवार के लोगों ने बताया कि शातिर पड़ोसी युवक ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया है. 65 साल की बुजुर्ग को मरणासन्न करने के बाद आलमारी में रखा जेवरात और कैश भरा बैग लेकर भाग निकला. पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को अरेस्ट करके गुरुवार दोपहर को जेल भेज दिया.

पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है
बेटी स्कूल गई थी, मां घर पर अकेली थीं: चौबेपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले की रहने वाली सरला ने बताया- मैं एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हूं. 15 सितंबर को मैं स्कूल गई थी. घर पर मेरी मां कमला देवी अकेली थीं. दोपहर करीब 2 बजे हमारा पड़ोसी अमित वाल्मीकि उर्फ भद्दी घर के खुले दरवाजे से अंदर घुस आया. मां ने इसका विरोध किया तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं.
अमित घर की अलमारी में रखा जेवर और नकदी से भरा बैग भी लेकर भाग गया. बैग में चांदी की करधनी, सोने का पेंडल, एक जोड़ी चांदी की पायल, जेवर की रसीदें, मेरा आधार कार्ड, पैन कार्ड और 12 हजार रुपए रखे थे.

महिला की मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदार घर पहुंच गए.
मोहल्ले वालों ने फोन कर घटना की जानकारी दी: सरला ने बताया- मोहल्ले के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद मैं घर पहुंची तो मेरी मां बेहोशी की हालत में थीं. उन्हें होश में लाकर घटना की जानकारी ली और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 17 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई.
मौत के बाद हरकत में आई पुलिस: मृतक की बेटी सरला ने बताया कि दो दिन पहले शातिर पड़ोसी ने वारदात को अंजाम दिया था. सूचना देने के बाद भी पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया. मौत के बाद चौबेपुर थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आरोपी को अरेस्ट कर लिया. थानेदार ने मामले में घोर लापरवाही की है.
बेटी बोली- आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए: सरला ने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उसने कहा कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसा अपराध न करे.
चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया- “मामले में एफआईआर दर्ज करके आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. शातिर को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.”
















Leave a Reply