UGC के विरोध में आगरा के युवक सड़क पर उतरे, 100 ट्रैक्टर से पहुंचे; हाईवे पर हनुमान चालीसा पढ़ी

Spread the love

आगरा में सवर्ण समाज के करीब 1200 युवक UGC के विरोध में शुक्रवार को सड़क पर उतर आए. 100 ट्रैक्टरों पर सवार ये युवक कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे थे लेकिन, एत्मादपुर के संवई गांव से करीब 200 मीटर आगे पुलिस और PAC ने 4 क्रेन और 7 बुलडोजर से बैरियर लगाकर उन्हें रोक दिया.

इसके बावजूद ये युवक कलेक्ट्रेट जाने की मांग पर अड़ गए. इसको लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. हालात संभालने के लिए मौके पर तैनात 2 कंपनी PAC और करीब 300 पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को गांव की तरफ खदेड़ दिया.

UGC हटाने को लेकर पुलिस और युवाओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई.

प्रदर्शनकारी युवाओं को पुलिसकर्मियों ने खदेड़ दिया.

प्रदर्शनकारियों ने बैरियर हटा दिए और आगरा-फिरोजाबाद हाईवे की ओर दौड़ पड़े.

लेकिन, प्रदर्शकारी शांत नहीं हुए. दोपहर करीब 3 बजे प्रदर्शनकारियों ने बैरियर तोड़ते हुए आगरा-फिरोजाबाद हाईवे की तरफ दौड़ लगा दी. उन्हें रोकने के लिए पुलिसवाले भी पीछे-पीछे दौड़ने लगे. इसके बाद प्रदर्शनकारी हाईवे पर धरने पर ही बैठ गए. हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे.

प्रदर्शन के चलते हाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने 10 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. मौके की ड्रोन से भी निगरानी की गई. करीब 7-8 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों की प्रशासन और सरकार से बात हुई. इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी संवई गांव पहुंच गए. अब वहीं धरना कर रहे हैं. धरनास्थल पर 100 से अधिक पुलिसवाले भी तैनात हैं.

बता दें, सवर्ण समाज के युवकों का गुस्सा यूजीसी के अलावा गुरुवार को किसान नेताओं को हाउस अरेस्ट करने को लेकर भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *