कानपुर में फिर लूट: दिनदहाड़े किराना व्यापारी से 50 हजार की लूट, चौकी से 50 कदम की दूरी पर

Spread the love

कानपुर में लुटेरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, शुक्रवार को तीसरे दिन हरबंश मोहाल थानाक्षेत्र में लूट की घटना हुई, जबकि इससे पहले लुटेरों ने महाराजपुर और चौबेपुर इलाके में लूट की वारदात को अंजाम दिया था. हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में ऑटो में सवारी बनकर बैठे शातिर ने बुजुर्ग किराना व्यापारी की जेब से 50 हजार रुपए पार कर दिए. टाटमिल से नयागंज जाते समय व्यापारी को रकम गायब होने का पता चला. उन्होंने बगल में बैठे युवक को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी सुतरखाना चौकी से करीब 50 कदम की दूरी पर उन्हें धक्का देकर भाग निकला.

दिनदहाड़े हुई घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता व्यापारियों के साथ चौकी पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत लेकर घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया.

थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया- “किराना व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. CCTV कैमरों की जांच की जा रही है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.”

दिनदहाड़े हुई घटना का व्यापारी नेता विनोद गुप्ता ने नाराजगी जताई. साथ ही पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

एक लाख रुपए लेकर हमीरपुर से कानपुर आए थे: हमीरपुर के छानी गांव निवासी पुरुषोत्तम दास शिवहरे (60) किराना व्यापारी हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह कारोबार के सिलसिले में एक लाख रुपए लेकर कानपुर आए थे. टाटमिल पर बस से उतरने के बाद नयागंज जाने के लिए ऑटो की पिछली सीट पर बैठ गए. उस समय एक सवारी पहले से बैठी थी.

कुछ देर बाद एक युवक उनके बगल में आकर बैठ गया. सुतरखाना चौकी से करीब 50 कदम पहले उतरते समय पुरुषोत्तम ने जेब देखी तो उसमें रखे 50 हजार रुपए नहीं थे.

जेब कटी मिली, युवक का हाथ पकड़ा तो भागा: रुपए गायब होने पर व्यापारी ने जेब देखी तो वह कटी मिली. उन्हें बगल में बैठे युवक पर शक हुआ. उन्होंने उसका हाथ पकड़ लिया, लेकिन युवक ने उन्हें धक्का दिया और टाटमिल पुल की तरफ भाग निकला. इसके बाद पुरुषोत्तम ने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता को घटना की जानकारी दी. विनोद गुप्ता व्यापारियों के साथ पीड़ित को लेकर सुतरखाना चौकी पहुंचे.

घटना से नाराज व्यापारी सुतरखाना चौकी में बैठे गए.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की पड़ताल: चौकी प्रभारी विनीत त्यागी ने पीड़ित के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.

महाराजपुर और चौबेपुर में भी हुई थी लूट: महाराजपुर थानाक्षेत्र में बुधवार को लुटेरे तमंचे के बल पर शिक्षक प्रवीण कुमार की बाइक लूटकर फरार हो गए थे. नवोदय नगर निवासी शिक्षक बुधवार शाम करीब 4:30 बजे अपने बच्चों को बाइक से लेकर प्रेमपुर मोड़ के पास स्थित ट्यूबवेल जा रहे थे. तभी बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी बाइक छीन ली थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगी हुई है.

वहीं दूसरी घटना चौबेपुर थानाक्षेत्र की है, चौबेपुर निवासी बकरा व्यापारी शाहिद और आबिद अपने तीन अन्य साथियों के साथ किराये की ईको कार से हरदोई जा रहे थे. गुरुवार सुबह शिवराजपुर क्षेत्र में दुबियाना अंडरपास और गंगा रोड अंडरपास के बीच एसयूवी सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर आगे गाड़ी लगाकर रोक लिया था. व्यापारियों के मुताबिक करीब आधा दर्जन बदमाश डंडे लेकर कार से उतरे और हमला कर शीशे तोड़ दिए. इसके बाद आबिद के तमंचा लगाकर 4.31 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *