UP के ग्रेटर नोएडा का नॉलेज पार्क इलाका शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना. यहां कॉलेज के पास तेज रफ्तार कार से स्टंटबाजी कर रहे कुछ युवकों ने सड़क किनारे चल रहे छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया. अनियंत्रित ऑल्टो कार ने चार से पांच छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई अनहोनी नहीं हुई, लेकिन कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं. इस घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
स्टंट के चक्कर में अनियंत्रित हुई अल्टो कार: घटनास्थल के पास ही कोल्ड कॉफी का ठेला लगाने वाले दीपांशु ने बताया कि यह घटना कल शाम की है. एक लड़का अल्टो गाड़ी से स्टंट कर रहा था और अपनी गाड़ी को गोल-गोल घूम रहा था, तभी अचानक से उसकी गाड़ी नियंत्रित होकर चार छात्रों के ऊपर चढ़ गई. एक छात्रा के पैर पर वह गाड़ी चढ़ी थी और बाकी लोगों को भी चोट लगी थी. टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया. उसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया.
बीसीए छात्र के पैर में फ्रैक्चर: घायल छात्र के भाई ध्रुव नागर (निवासी दुजाना) ने बताया कि उनका भाई गौरव नागर जीएनआईओटी (GNIOT) कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है. शुक्रवार शाम को वह अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के पास से गुजर रहा था. वहीं पर कुछ लड़के तीन-चार गाड़ियों से स्टंट बाजी कर रहे थे. कुछ लोग उनका वीडियो बना रहे थे, जब वह लोग थोड़ा आगे चले गए तो अचानक से गाड़ी आई और उसने उन लोगों को टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद वह लोग मौके से फरार हो गए. इस हादसे में गौरव नागर के पैर में फैक्चर हो गया है. हालांकि, उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. वहीं, उसके अन्य साथियों को भी इस हादसे में चोट आई है.
पुलिस की कार्रवाई और गाड़ी जब्त: हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस एक्शन में आ गई. पुलिस ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी चालक की गिरफ्तारी और गाड़ी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम ने कई जगहों पर दबिश दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल ऑल्टो कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी जारी है.
पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply