UP के फिरोजाबाद स्थित आसफाबाद 220 बिजलीघर के समीप शांतिनगर में रविवार दोपहर घर की छत पर कबूतर उड़ा रहे चार बच्चे ऊपर से गुजर रही 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन की चपेट में आ गए. चारों गंभीर रूप से झुलस गए. चारों बच्चों का अस्पताल इलाज चल रहा है लेकिन की दशा अत्यंत गंभीर बतायी जा रही है.
हाईटेंशन लाइन में धमाका हुआ. इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. गली में चूड़ी-बेलन लगाने का काम कर रहे लोग भी घबराकर इधर-उधर भागने लगे. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. परिजन चारों बच्चों को लेकर मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया.

घरों में दौड़ा करंट: बताया जा रहा कि इस घटना से पीड़ित के घर के साथ आसपास के घरों में भी करंट दौड़ गया. तेज धमाके के साथ मकान का मीटर फट गया और आग लग गई. हादसे में तीन भाई-बहन और उनका मौसेरा भाई गंभीर रूप से झुलस गए। चारों को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया. चिकित्सक के अनुसार सभी बच्चे करीब 50-50 फीसदी झुलसे हैं.

मीटर फटा और लगी आग: घटना आज रविवार की दोपहर करीब 12:30 बजे की है. शांतिनगर निवासी नारायण सिंह के शंखवार मकान की छत पर टीन शेड के पास संजना (16), नीतू उर्फ जान्वी (13), राजन सिंह (8) और उनका मौसेरा भाई ऋषभ (9) पुत्र माता प्रसाद मौजूद थे. क्षेत्रीय लोगों के अनुसार बच्चे छत पर कबूतर उड़ा रहे थे. इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन की चपेट में आने से तेज धमाका हुआ. मकान में लगा बिजली का मीटर फट गया और आग लग गई.

ट्रांसमिशन लाइन के नीचे बने हैं मकान: विजय खेडा अधीक्षण अभियंता शहरी फिरोजाबाद के मुताबिक़ 220 केवी की लाइन ट्रांसमिशन लाइन है और अपने निर्धारित मानकों के अनुरूप है. नियमों के अनुसार ट्रांसमिशन लाइन की निर्धारित रेंज में मकान नहीं बनाए जाने चाहिए. बच्चे लाइन की निर्धारित दूरी के दायरे में आ गए, जिससे कारण यह हादसा हुआ है.
क्या बोले- अधिकारी: ट्रांसमिशन फिरोजाबाद के एक्सईएन अर्जुन सिंह ने बताया कि सन 1984 से 220 लाइन पड़ी है. लोगों ने अवैध तरीके से इसके नीचे मकान बना लिए हैं. बताया गया है कि कबूतर उड़ाने के लिए डंडे का इस्तेमाल किया गया. डंडा लाइन की रेंज में आ गया है. इससे हादसा हुआ. यदि लाइन से डंडा छू जाता तो और भी गंभीर हादसा हो सकता था. इस मामले में कमेटी गठित करके उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply