संतकबीरनगर के बखिरा के अमरडोभा चौराहे पर शुक्रवार की देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए पथराव और मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है. एक मुकदमे में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद व उनके समर्थकों पर गाड़ी की चपेट में लेने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं.
एससी-एसटी के तहत मुकदमा दर्ज : वहीं, सांसद की तहरीर पर जुलूस में शामिल लोगों के विरुद्ध हत्या की नीयत से हमला करने, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के खिलाफ एससी-एसटी, BNS की धारा 110, 152(2), 191(2), 351(3), 352 सहित 8 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. जबकि सांसद की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ चार गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
सियासत गरमाई: दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है. आरोपों की जांच अब पुलिस साक्ष्यों और घटना की वीडियोग्राफी के आधार पर करेगी. संतकबीरनगर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. बता दें कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बखिरा थाना क्षेत्र में लोगों ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी को घेर लिया. भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया, जिससे गाड़ी का एक शीशा टूट गया. हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला.
















Leave a Reply