शादी के 24 घंटे के भीतर ही दूल्हा-दुल्हन की मौत, फंदे से लटके मिले दोनों के शव

Spread the love

UP के सिद्धार्थनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां शादी के 24 घंटे के भीतर नवविवाहित दंपति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने पहुंचकर शवों को कब्जे में लेने के साथ जांच शुरू कर दी है.

ये घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव का है. जहां देशराज चौहान और अनीता चौहान की शादी सोमवार 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी. शादी के बाद दोनों अपने घर पहुंचे थे. मंगलवार को दोनों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. अनीता का मायका जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कड़जहवा गांव में बताया जा रहा है. नवविवाहित दंपति की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. दूल्हा-दुल्हन ने यह कदम क्यों उठाया या घटना के पीछे क्या कारण रहा इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है.

इस मामले में बांसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. कोतवाल ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *