आजमगढ़ में पत्नी-बेटे, दो पुजारियों को मारने वाले का एनकाउंटर, महामृत्युंजय जाप कराने से नाराज था

Spread the love

UP के आजमगढ़ में पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर में मारा गया. उसने पकड़े जाने के डर से अपने 3 बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया था. इस दौरान उसने एक बच्चे की हत्या कर दी. पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. ATS, SOG और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हत्यारा अरविन्द सिंह (42) मारा गया.

घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर अहिरौला थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, परिवार को शक था कि आरोपी को उसके भाई सुनील की आत्मा परेशान कर रही है, इसलिए उसकी पत्नी और मां घर में महामृत्युंजय जाप करा रही थीं. इससे आरोपी नाराज था.

मंगलवार शाम 6 बजे इसी बात को लेकर पत्नी से बहस हो गई. फिर उसने पूजा करा रहे पुजारियों से आधार कार्ड मांगा। बहस करने लगा. इसी बीच गुस्से में आरोपी भागकर कमरे में गया और लाइसेंसी राइफल लेकर आया. 2 पुजारियों और पत्नी को गोली मार दी.

इसके बाद अरविंद ने अपने 3 बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया. सूचना मिलते ही 10 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची तो वह बच्चों को मारने की धमकी देने लगा. हालात बेकाबू होते देखकर SOG और ATS कमांडोज की टीम को बुलाया गया. टीम ने पूरे घर को घेर लिया. इस दौरान पुलिस आरोपी को समझाती रही.

7 घंटे तक अरविंद बच्चों के साथ कमरे में बंद रहा. रात 1 बजे उसने अपने 9 साल के बेटे शौर्य को गोली मार दी. इसके बाद पुलिस घर में दाखिल हुई. बच्चों को छुड़ाया और आरोपी को मार गिराया. मृतकों में हत्यारे अरविंद सिंह के अलावा पत्नी बबीता सिंह (40), बेटा शौर्य (9), पुजारी महेंद्र पाठक (60) और अखिलेश मिश्रा (55) शामिल हैं.

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया है. घर को सील कर दिया गया है. बाहर फोर्स तैनात है. दोनों बच्चे मां के साथ हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *