कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली आज, शाम को इस समय जरूर जलाएं दीपक, जानें सही मुहूर्त

Spread the love

देव दीपावली का पर्व आज 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है. यह पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन आता है. सनातन धर्म में इसका खास महत्व है. इसे देव दीवाली और त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं. धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था. महादेव की जीत की खुशी में सभी देवी-देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था. तभी से इस दिन देव दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई.

देव दीपावली का सबसे अनुपम दृश्य वाराणसी में देखने को मिलता है. इस दिन काशी के गंगा घाटों को हजारों दीपों से सजाया जाता है. शाम होते ही पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठता है. इस नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं. इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. वहीं, शाम को दीपदान करना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है. आइए जानते हैं देव दीपावली का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और दीपदान का सही समय.

देव दीपावली का शुभ मुहूर्त: द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से शुरू हो चुकी है. इसका समापन 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा.

ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:03 बजे से 5:57 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:47 बजे से दोपहर 12:29 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:22 बजे से 5:49 बजे तक

देव दीपावली दीपदान मुहूर्त: देव दीपावली पर शाम के समय दीपक जलाने की परंपरा है. मान्यता है कि प्रदोष काल में दीपदान करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है. इस बार 24 नवंबर को प्रदोष काल शाम 5 बजकर 8 मिनट से रात 7 बजकर 47 मिनट तक रहेगा. इस दौरान घर, मंदिर या किसी पवित्र नदी के किनारे दीपक जलाकर दीपदान कर सकते हैं.

देव दीपावली की पूजा कैसे करें? इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ कपड़े पहनें. इसके बाद घर के पूजा स्थान की अच्छी तरह सफाई करें. पूजा की चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की मूर्तियां या तस्वीरें रखें. सबसे पहले भगवान शिव का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें. इसके बाद उन्हें बेलपत्र, धतूरा, चंदन और फूल अर्पित करें. माता पार्वती को सिंदूर और पुष्प चढ़ाएं. भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को पीले-लाल फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें. अब सभी देवी-देवताओं के सामने घी का दीपक जलाएं. धूप-अगरबत्ती दिखाकर पूजा शुरू करें. पूजा के दौरान ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करें. इसके बाद देव दीपावली से जुड़ी पौराणिक कथा पढ़ें या सुनें. आखिर में भगवान शिव, विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें.

देव दीपावली पर इन जगहों पर जरूर जलाएं: दीपक: देव दीपावली की शाम दीपदान के लिए खास मानी जाती है. इस दिन तुलसी के पौधे के पास घी या तिल के तेल का दीपक जलाना शुभ माना जाता है. इसके अलावा घर के मंदिर, मुख्य दरवाजे, रसोई और पानी रखने वाली जगह के पास भी दीपक रख सकते हैं. अगर आसपास कोई शिव मंदिर है तो वहां जाकर दीप जलाएं. इस दिन नदी या तालाब के किनारे भी दीपदान करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली घर में 5, 7, 11, 51 या 101 मिट्टी के दीपक जलाना शुभ होता है. दीप जलाने के लिए सरसों या तिल के तेल का इस्तेमाल करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *