शुक्रवार का दिन धन की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित है और इस दिन पूजा करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है. लेकिन हिंदू कैलेंडर का मार्गशीर्ष यानि अगहन महीना ऐसा है, जिसमें गुरुवार के दिन लक्ष्मी पूजा की जाती है.इस महीने के सभी गुरुवार को मां लक्ष्मी की पूजा करना अत्यंत शुभ माना गया है. इससे मां लक्ष्मी प्रसन्न होकर खूब धन-समृद्धि देती हैं. इस साल 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक अगहन मास रहेगा. जिसमें आज 26 नवंबर 2026 को अगहन महीने का पहला गुरुवार है.
भगवान कृष्ण का प्रिय महीना: गीता के दसवें अध्याय के 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं, ‘मासानां मार्गशीर्षोऽहम्’, अर्थात महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं. मार्गशीर्ष महीना, जिसे अगहन भी कहते हैं, भगवान कृष्ण का सबसे प्रिय महीना है. इसलिए इस महीने के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है. पूरे मार्गशीर्ष मास में भगवान कृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना, जप-तप, ध्यान करना बेहद पुण्यदायी होता है.
गुरुवार को करें लक्ष्मी-नारायण पूजा: जिस तरह शुक्रवार के दिन लक्ष्मी जी की पूजा करने का विधान है, वैसे ही गुरुवार के दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. चूंकि श्रीकृष्ण भगवान विष्णु के ही अवतार हैं और गुरुवार का दिन श्रीहरि विष्णु को समर्पित होता है, इसलिए इस माह में गुरुवार के दिन श्रीहरि के साथ मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष फल मिलता है.
लक्ष्मी पुराण के अनुसार, जो भक्त अगहन मास के सभी गुरुवार को स्वच्छ मन से मां लक्ष्मी की आराधना करता है, उसके घर में हमेशा सुख-समृद्धि रहती है. साथ ही इस समय में नई फसल की भी पूजा की जाती है.
मार्गशीर्ष मास के गुरुवार
पहला गुरुवार : 26 नवंबर 2026
दूसरा गुरुवार : 3 दिसंबर 2026
तीसरा गुरुवार : 10 दिसंबर 2026
चौथा गुरुवार :17 दिसंबर 2026
कैसे करें पूजा?
➤गुरुवार की सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करें, नहाने के पानी में एक चुटकी हल्दी मिला लें. फिर पीले रंग के कपड़े पहनें.
➤घर के मुख्य दरवाजे से लेकर पूजा घर तक चावल के आटे और हल्दी के घोल से मां लक्ष्मी के चरण बनाएं.
➤पूजा स्थल पर चौकी रखकर उस पर लाल या पीला वस्त्र बिछाएं. भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें.
➤साथ ही तांबे या पीतल के कलश में जल, सुपारी, सिक्का लें और ऊपर आम के पत्ते रखकर उस पर नारियल स्थापित करें. फिर इस कलश को चावल या गेहूं की ढेरी पर रखें.
➤मां लक्ष्मी की प्रतिमा के चरणों में नई फसल की धान की बालियां अर्पित करें.
➤घी का दीपक जलाएं. मां लक्ष्मी को खीर, बताशे, सिंघाड़ा, आंवला और पीले रंग की मिठाई का भोग लगाएं.
➤अगहन गुरुवार की कथा पढ़ें. मां लक्ष्मी की आरती करें.
















Leave a Reply