पूर्व PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने ललकारा ब्रजेश पाठक को, चुनाव लड़ने का किया खुला ऐलान

Spread the love

गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी के दिन पीसीएस से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट रहे अलंकार अग्निहोत्री ने साफ कहा है कि वह उसी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे, जहां से ब्रजेश पाठक चुनाव लड़ेंगे। प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले अलंकार के इस ऐलान ने सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। ब्रजेश पाठक फिलहाल लखनऊ की कैंट सीट से विधायक हैं।

अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी चुनौती को किसी एक सीट तक सीमित रखने के बजाय यह रुख अपनाया है कि ब्रजेश पाठक जिस भी क्षेत्र को अपना चुनावी मैदान चुनेंगे, वहीं से वे ताल ठोकेंगे। उन्होंने ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों और अपराधों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि समाज से जुड़े संवेदनशील मामलों पर सरकार और नेतृत्व की ओर से अपेक्षित आवाज नहीं उठाई गई। सोशल मीडिया पर अलंकार ने एक पोल का भी आयोजन किया है। इसमें ब्रजेश पाठक के साथ अपना नाम देते हुए लोगों से पूछा है कि किसे चुनेंगे।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा बनाया है: ब्रजेश पाठक के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा करने वाले अलंकार ने ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा’ के नाम से अपनी पार्टी बनाई हुई है। इसी के बैनर तले आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वह लगातार संगठनात्मक बैठकें और घोषणाएं कर रहे हैं।

सूची को संभावित प्रत्याशियों का बताया गया: पार्टी ने 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए शुरुआती चरण में 40 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की एक सूची जारी की है। हालांकि इस सूची के साथ संभावित प्रत्याशी शब्द का जिक्र किया गया है।

कौन हैं अलंकार अग्निहोत्री, क्यों चर्चा में आए थे? मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने आईआईटी बीएचयू (IIT-BHU) से बीटेक करने के बाद करीब एक दशक आईटी सेक्टर में काम किया और फिर सिविल सेवा में आए। वर्ष 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी ने लखनऊ, उन्नाव और बलरामपुर समेत कई जिलों में एसडीएम के रूप में काम किया और बाद में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट बने।

इसी साल 26 जनवरी को यूजीसी के नए नियमों और प्रयागराज माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके बटुकों के अपमान के विरोध में अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर निलंबन और जांच की प्रक्रिया भी चली। इस्तीफे और निलंबन के घटनाक्रम के बाद उन्होंने राजनीतिक संगठन खड़ा कर 2027 के चुनाव में उतरने की तैयारी शुरू की है। मंडलायुक्त स्तर से जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद उन पर विभागीय कार्रवाई और बर्खास्तगी की तलवार भी लटक रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *