बाराबंकी में CM के काफिले के करीब पहुंची बिना नंबर की फार्च्यूनर, दूसरी लेन से निकल रही थी फ्लीट

Spread the love

बाराबंकी में मंगलवार को सीएम योगी का काफिला निकल रहा था। तभी बंद ट्रैफिक में दूसरी लेन पर अचानक एक फॉर्च्यूनर आ गई. गाड़ी में पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी. गाड़ी के सीएम के काफिले के पास आने पर शोर मचा, तो आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने दौड़कर गाड़ी को घेर लिया.

चालक से बिना नंबर की गाड़ी काफिले के पास लाने का कारण पूछा, तो वह हड़बड़ाने लगा. पुलिस ने उसे गाड़ी से उतारकर चाबी कब्जे में ले ली. आरोपी चालक को पकड़कर थाने लाया गया है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है. मामला नगर कोतवाली के ठीक सामने का है.

जीआईसी ऑडिटोरियम जा रहा था सीएम का काफिला

वीडियो में दिख रहा है कि सीएम योगी की फ्लीट निकलते समय अचानक डिवाइडर के दूसरी तरफ एक फॉर्च्यूनर आ गई. इस पर पीछे नंबर प्लेट नहीं थी. आगे की नंबर प्लेट भी बिना हाई सिक्योरिटी वाली थी। तेज रफ्तार में आ रही फॉर्च्यूनर को देखकर पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए. सुरक्षा में तैनात पुलिस ने आनन-फानन में गाड़ी रुकवाई और जांच पड़ताल शुरू की. गाड़ी में फ्रंट पर लगी प्लेट पर फैंसी स्टाइल (UP32FX5599) में नंबर पड़ा था. पुलिस को चालक ने अपना नाम शनि ठाकुर बताया. उसने बताया, गाड़ी मेरे भाई के नाम पर है. इसके बाद पुलिस उसे और गाड़ी के अंदर बैठे सभी लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई, जहां सभी से पूछताछ की.

चालक को हिरासत में लिया

एसएचओ कोतवाली अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया- बिना नंबर की गाड़ी सीएम का काफिला निकलते समय दूसरी लेन पर आ गई थी. आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने कार को रुकवाया और कार चालक को हिरासत में लिया. गाड़ी में आगे नंबर प्लेट लगी है, लेकिन वो भी फैंसी है. चालक से पूछताछ की जा रही है.

दरअसल, आज पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर सीएम योगी आदित्यनाथ बाराबंकी के दौरे पर आए थे. केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद वह कलेक्ट्रेट के पास स्थित विजय उद्यान पार्क पहुंचे. वहां पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद पुष्पांजलि और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. फिर सीएम जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचे. वहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी देखी. उसके बाद जनसभा को संबोधित किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *