हाथरस हाइवे पर मरी गाय को बचाने में कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में ट्रक से जा भिड़ी, 4 मरे

Spread the love

UP के हाथरस जिले में हुए सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की जान चली गई. हाइवे पर मृत पड़ी गाय को बचाने के चक्कर में कार आउट ऑफ कंट्रोल होकर डिवाइडर से टकरा गई फिर दूसरे लेन में ट्रक से जा भिड़ी. जिसके चलते कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

पूरा मामला हाथरस के थाना सिकंदरामऊ का है, जहां बीती शाम हाइवे पर गांव रतिभानपुर पर ये सड़क हादसा हुआ है. एक कार सड़क पर मृत पड़ी गाय को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकराकर रॉन्ग साइड पर जाकर एक ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस भीषण हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया. हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है.

आपको बता दें कि अलीगढ़ की तरफ से एक स्विफ्ट कार में सवार होकर चार लोग एटा की तरफ जा रहे थे. जब यह लोग सिकंदरामऊ थाना क्षेत्र के हाइवे पर स्थित रतिभानपुर के पास पहुंचे तो रोड पर मृत पड़ी गाय पर उनकी तेज रफ्तार कार चढ़ गई और हवा में उड़ती हुई डिवाइडर पार कर रोड के दूसरी साइड से आ रहे ट्रक से टकरा गई.

ट्रक से टक्कर में कार बुरी तरह  क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग कार के अंदर ही फंस गए. मौके पर जुटे राहगीरों व स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस की मदद से कार की बॉडी को तोड़कर और काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. जब तक कार में फंसे लोगों को निकाला जाता तब तक तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी.

फौरन, पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हादसे में घायल एक महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उस महिला की भी मौत हो गई. दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे हाइवे कर्मियों के द्वारा दूसरी लेन में मृत पड़ी गाय को हटाया गया. मृतकों में पति-पत्नी और भाई समेत कुल 4 लोग शामिल बताए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *