कानपुर घाटमपुर के पतारा कस्बा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शनिवार को एक हथियारबंद युवक ने लूट का प्रयास किया. बैंक में घुसते ही युवक गार्ड से भिड़ गया. इस दौरान लुटेरे ने गार्ड को दो बार चाकू मारा. जो भी सामने आया उस पर वार करने लगा. कभी तमंचा दिखाता तो कभी चाक़ू से वार करता. हंगामा सुनकर बैंक मैनेजर और केशियर मौके पर पहुंचे तो बदमाश ने उन पर भी चाक़ू से हमला कर दिया. लुटेरा तकरीबन आधे घंटे तक तांडव करता रहा.
लेकिन, बहादुरी दिखाते हुए घायल बैंककर्मियों ने बदमाश को पकड़कर रस्सी से बांध दिया. मैनेजर और कैशियर को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि सिक्योरिटी गार्ड को गंभीर घायल होने पर हैलट हास्पिटल के लिए रवाना किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बैंक मैनेजर और कैशियर को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह लूट का प्रयास प्रतीत हो रहा है. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

मौके पर मिला चाकू, सूजा और पिस्तौल
बैंक मैनेजर बीरेंद्र कुमार ने बताया कि वही लगभग 10.30 बजे का समय था मैं, कैशियर प्राणनाथ शुक्ला और महिला सहायक सपना कुमारी अंदर पहुंचकर अपना काम शुरू कर रहे थे. अभी बैंक में कोई ग्राहक नहीं आया था. बैंक के सिक्योरिटी गार्ड सुनील कुमार गेट पर ही खड़े थे. तभी एक युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर अंदर घुसा. गार्ड ने जैसे ही उसके पास कट्टा देखा तो रोकने का प्रयास किया और शोर मचाया, तब तक हम लोग मौके पर पहुंच गए. इस बीच युवक ने चाकू निकाल लिया था और गार्ड पर हमला कर रहा था.
बैंक मैनेजर बीरेंद्र कुमारयह देखकर हम लोगों ने उसे दबोचने का प्रयास किया तो उसने हमारे और कैशियर पर भी चाकू से हमला कर दिया. बदमाश इतना आक्रामक था कि जो सामने आता उसके चेहरे पर चाकू से वार कर रहा था. देखते ही देखते उसने गार्ड के चेहरे पर दो से तीन बार चाकू मार दिया. मैंने उसे पीछे से पकड़ने की कोशिश की तो मेरे ऊपर भी वार कर दिया. हमारे कैशियर को भी घायल किया. एक बार तो हम लोग बहुत घबरा गए ऐसा लगा कि ये लूट कर लेगा लेकिन हम लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और उसे मिलकर घेर लिया फिर उस पर टूट पड़े. इसी बीच बैंक में बाहर से भी कुछ लोग आ गए तो हम लोगों की हिम्मत और बंध गई. पहले हमने उसकी चाकू और तमंचा छीना, इसके बाद युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी. इस तरह से युवक और हम लोगों के बीच लगभग 25-30 मिनट तक संघर्ष चलता रहा.

घायल सिक्योरिटी गार्ड सुनील कुमार
गार्ड के बाद सबसे पहले लुटेरे पर टूटने वाले कैशियर प्राणनाथ शुक्ला का कहना है कि जैसे ही हम बैंक में काम करने के लिए अपने केबिन में जाने वाले थे. तो बाहर गार्ड से बहस की आवाज सुनी. गार्ड बहुत तेज से चिल्लाया तो मैं भी वहां पहुंच गया. देखते ही देखते ये लुटेरा गार्ड को चाकू मारकर बैंक के अंदर घुस आया। हम लोग एकदम से दहशत में आ गए। लेकिन हौंसला नहीं छोड़ा हमें लगा अगर हम लोग जरा भी कमजोर पड़े तो ये बैंक लूटकर फरार हो जाएगा. जब जब वो चाकू से वार करता हम लोग बचकर उसे पकड़ने की कोशिश करते. अगर बदमाशों की संख्या इससे ज्यादा होती तो हम भी उन्हें रोक नहीं पाते. लेकिन एक बदमाश होने के कारण हम सब ने मिलकर उसे पकड़ लिया.
लड़की ने होशियारी से बजाया हूटर
बैंक में मौजूद एक महिला सहायक सपना कुमारी ने उस परिस्थिति को देखकर बहुत समझदारी से काम लिया. जब मैनेजर, कैशियर और गार्ड बदमाश से भिड़े हुए थे और चाकुओं के वार से चारों तरफ खून ही खून दिखाई दे रहा था. तब उसने बैंक का हूटर बजा दिया. बैंक का हूटर सुनते ही आस पास के लोग बैंक के अंदर भागकर पहुंच गए. इसी दौरान महिला कर्मचारी ने पुलिस को भी फोन कर दिया, आधे घंटे के अंदर पुलिस आ गई.
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है युवक को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की जा रही है। लेकिन अचानक सुबह-सुबह हुए हमले से बैंककर्मी दहशत में हैं. पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में सिक्योरिटी गार्ड को कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. बैंक मैनेजर और कैशियर कानपुर के निजी अस्पताल गए है.
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। लुटेरे को पुलिस अभिरक्षा में घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है.
DCP क्राइम ने पहुंचकर जुटाई जानकारी घटना की सूचना मिलते कानपुर डीसीपी क्राइम आशीष श्रीवास्तव, एडीसीपी महेश कुमार पाण्डेय, घाटमपुर एसीपी रंजीत कुमार सिंह समेत सर्किल फोर्स के साथ पहुंचे उन्होंने बैंक कर्मियों से घटना की जानकारी जुटाने के साथ फोरेंसिक टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया है. फॉरेंसिक टीम ने बैंक में जांच पड़ताल कर एक देशी तमंचा 315 बोर, चाकू, दो धारदार ब्लेड बरामद हुए है.
गंभीर रूप से घायल है लुटेरा
हथियार लेकर बैंक लूटने के इरादे से घुसे युवक को बैंक कर्मियों ने पकड़ लिया है. हालाकि हाथपाई ने लुटेरा गंभीर घायल हुआ है. पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को पतारा सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर लुटेरे को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है. हालाकि लुटेरे को पुलिस अभिरक्षा में जिलास्पताल ले जाया गया है. अभी तक लुटेरे की पहचान नहीं हो पाई है.
















Leave a Reply