कानपुर के सचेंडी में शनिवार सुबह चादर से ढका खून से लथपथ शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई. हत्यारों ने युवक के चेहरे पर इस कदर वार किए कि उसके दांत तक टूटकर जमीन पर बिखर गए. मौके से शराब के पाउच और दो डिस्पोजल गिलास मिलने से पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले घर के बाहर शराब पार्टी हुई थी. युवक के साथ रात में शराब पीने वालों की तलाश की जा रही है.

मृतक सोनू (32)
कटरा भैसोर निवासी सोनू (32) मजदूरी करता था. वह अपने मानसिक रूप से अस्वस्थ बड़े भाई मिंचू और वृद्ध मां रामजानकी के साथ रहता था. परिवार की चार बहनों की शादी हो चुकी है. मां करीब एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी की ससुराल में थीं. बड़ा भाई घर के अंदर कमरे में था, जबकि सोनू रोजाना की तरह शुक्रवार रात बरामदे में चादर बिछाकर सो गया था.
शनिवार सुबह बड़ी बहन केशा ने सोनू को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई. इस पर उन्होंने पड़ोसी बृजराज को फोन कर जानकारी लेने को कहा. बृजराज ने मौके पर पहुंचकर चादर हटाई तो सोनू का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था. जमीन पर उसके टूटे दांत पड़े थे. यह देखकर उन्होंने शोर मचाया. कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.

घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस.
सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. मौके से दो डिस्पोजल गिलास और देसी शराब के पाउच मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, ईंट से कुचलकर हत्या की गई है, हालांकि वारदात में इस्तेमाल ईंट मौके से बरामद नहीं हुई है.
ग्रामीणों के मुताबिक, सोनू जुआ खेलने का आदी था और शुक्रवार को जुए में करीब 20 हजार रुपये जीता था. पुलिस इस रकम के साथ ही शुक्रवार रात उसके साथ मौजूद रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है. घर के बाहर शराब किसके साथ पी गई थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

रोते-बिलखते परिजन.
थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. हत्या के कारणों और आरोपितों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम जुटी है.
















Leave a Reply