कानपुर में एक ऐसा चोर पकड़ा गया है, जिसकी पत्नी जौनपुर में ग्राम प्रधान है। वह अपने दो साथियों के साथ मुंबई से फ्लाइट से कानपुर पहुंचा. यहां लग्जरी होटल में रुका और कारोबारी बनकर रेकी की.
मंगलवार रात तीनों कलक्टरगंज इलाके में ज्वेलरी की दुकान पर चोरी करने पहुंचे. दुकान का शटर काट रहे थे, तभी आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए. लोगों ने शोर मचाया तो तीनों भागने लगे. भीड़ ने एक चोर चंद्रभान पटेल को दौड़ाकर पकड़ लिया जबकि चंद्रभान के दो साथी मुरलीधर शर्मा और उदयराज सिंह मौके से भाग गए. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की. एक जगह दोनों चोर मिल गए. पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो फायरिंग कर दी और भागने लगे. पुलिस ने दौड़ाकर एक चोर मुरलीधर शर्मा के पैर में गोली मारी. वह घायल होकर जमीन पर गिर गया, जबकि तीसरे साथी उदयराज सिंह को अरेस्ट कर लिया. मुरलीधर शर्मा राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है जबकि उदयराज सिंह और चंद्रभान जौनपुर के रहने वाले हैं. चंद्रभान की पत्नी जौनपुर में प्रधान है.

शटर काट रहे थे, एक बदमाश को दौड़ाकर ने पकड़ा
डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार सिंह ने बताया- 4 मार्च की देर रात करीब 12 बजे नयागंज की बालकृष्ण बिल्डिंग के पास तीन बदमाश ज्वेलरी शॉप का शटर कटर से काट रहे थे. आवाज सुनकर वहां पर एक व्यापारी और कुछ पल्लेदार पहुंच गए. व्यापारी और पल्लेदारों को देखकर बदमाश भागने लगे. व्यापारी और पल्लेदारों ने दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ लिया. इधर व्यापारी ने पुलिस को फोन कर सूचना कर दी. पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम चंद्रभान पटेल बताया. कहा-वह बुद्धिपुर थाना नेवढ़िया जिला जौनपुर का रहने वाला है. चंद्रभान के पास से बरामद झोले में ताला तोड़ने के औजार और चाबियां मिली हैं.
लोकेशन ट्रेस किया, घेरा तो फायरिंग की
डीसीपी ने बताया- पुलिस टीम दो साथियों की तलाश में जुट गई. थानों और चौकियों पर अलर्ट मैसेज भेजा गया. रात 1:30 बजे जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के पास दोनों बदमाशों की लोकेशन मिली. पुलिस वहां पहुंची तो दोनों बदमाश सीपीसी कॉलोनी के जंगल की ओर भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान दरोगा राजेश सिंह के कान के बगल से एक गोली निकल गई. कॉन्स्टेबल रोहित अहिरवार भी बाल-बाल बचे. उनके कंधे के बगल से गोली निकल गई. पुलिस ने फायरिंग की तो एक गोली भाग रहे बदमाश के दाएं पैर में जा लगी। वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया. घायल बदमाश ने अपना नाम मुरलीधर शर्मा बताया, कहा- वह राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है, जबकि दूसरे ने अपना नाम उदयराज सिंह निवासी बुटीर चक्की थाना केराकत जौनपुर बताया पुलिस ने मुरलीधर शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया.
फ्लाइट से कानपुर आए, फिर दुकानों की रेकी की
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया- वह एक मार्च को मुंबई से फ्लाइट से कानपुर आए थे. एयरपोर्ट से ऑटो लेकर माल रोड पहुंचे. यहां लग्जरी होटल में कमरा लेकर ठहरे थे. तीन दिनों से नयागंज में व्यापारी बनकर सर्राफा कारोबारियों के रेकी कर रहे थे. उन्होंने बालकृष्ण बिल्डिंग के पास ज्वेलरी की एक दुकान को चिह्नित किया. इस दुकान में चोरी करने की उनकी योजना थी. मगर पकड़े गए.
चंद्रभान की पत्नी ग्राम प्रधान, मुंबई-हैदराबाद कर चुके वारदात
डीसीपी ने बताया- जौनपुर निवासी चंद्रभान की पत्नी मौजूदा समय में ग्राम प्रधान है. अंतरराज्यीय गैंग के ये आरोपी महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में चोरी की वारदात कर चुके हैं. बदमाशों ने बताया- 1 फरवरी को हैदराबाद में 40 लाख की चोरी की थी. दो साल पहले मुंबई में दो किलो सोना चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है.
पुलिस ने होटल के CCTV चेक किए
डीसीपी ने बताया- मुठभेड़ के बाद पुलिस उस होटल पहुंची. जहां बदमाश ठहरे हुए थे। उनके कमरे की जांच की. बदमाशों की गतिविधियों के बारे में होटल स्टाफ से पूछताछ की. बदमाश कितने बजे होटल से बाहर निकलते थे. कितने बजे आते थे. उनसे कौन-कौन मिलने आया, इसकी जानकारी के लिए सीसीटीवी फुटेज भी देखे.
















Leave a Reply