गोरखपुर महोत्सव में पवन सिंह के शो में बवाल, बेकाबू भीड़ पर पुलिस का लाठीचार्ज

Spread the love

गोरखपुर महोत्सव में जश्न का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया. भोजपुरी स्टार पवन सिंह के कार्यक्रम में देर रात भीड़ बेकाबू हो गई. पवन सिंह कार्यक्रम में अपने जन्मदिन का केक काट रहे थे तभी महोत्सव में आई लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई. जिसमें कई कुर्सियां टूट गईं. लोग एक-दूसरे पर गिरते नजर आए और हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. बेकाबू भीड़ के उत्पात और पुलिस के लाठी चार्ज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है तो वहीं प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

क्या है पूरी घटना: तीन दिवसीय गोरखपुर महोत्सव के दूसरे दिन 12 जनवरी की रात उस वक्त हालात बिगड़ गए, जब भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का कार्यक्रम अपने चरम पर था. मंच पर पवन सिंह के साथ बीजेपी सांसद रवि किशन भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने अपना जन्मदिन मनाते हुए केक काटा और इसी दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई. लोग इधर-उधर भागने लगे कई कुर्सियां टूट गईं. कुछ लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े महिलाएं और बच्चे डर के मारे चीखते-चिल्लाते नजर आए. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस ने मोर्चा संभाला. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस की इस कार्रवाई में कई लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं.

बर्थडे गीत बजता रहा लोग हंगामा करते रहे: लाठी चार्ज के दौरान मंच पर मौजूद सदर सांसद ने माहौल को शांत करने के लिए बर्थडे का गीत बार बार दिन ये आए बार बार दिल ये गाये तू जिए हजारों साल ये मेरी है आरजू हैप्पी बर्थडे टू पवन के बर्थडे के गीत गाते नजर आए. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है जो गोरखपुर महोत्सव की बदइंतजामी और लचर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *