रामपुर में 6 फुट लंबे सांप को गले में डालकर बघार रहा था शेखी, तीन जगह डसा; हो गयी मौत

Spread the love

UP के रामपुर में एक शख्स की सांप काटने से मौत हो गई. वह करीब 6 फुट लंबे कोबरा को लेकर करतब दिखा रहा था. तभी सांप ने उसे एक के बाद एक तीन बार डस लिया. जिसके बाद जहर इतनी तेजी से बॉडी में फैला कि अस्पताल पहुंचते ही शख्स को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

रामपुर जिले की बिलासपुर तहसील के पिपलिया गोपाल गांव में 50 वर्षीय जी. राज सिंह की कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई. यह घटना गांव की सड़क पर तब हुई जब राज सिंह एक 6 फुट लंबे जहरीले कोबरा को पकड़कर उसके साथ खतरनाक खेल खेल रहे थे. ग्रामीणों के मना करने के बावजूद उन्होंने सांप को गले में डाल लिया और खुद को वीर बहादुर बताने लगे. 

इसी दौरान कोबरा ने उन्हें तीन जगह डस लिया. मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे जी राज की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद वन विभाग ने सांप को पकड़ा और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.

गले में डाला सांप और खुद को बताया वीर बहादुर: पिपलिया गोपाल गांव के रहने वाले जी राज सिंह अविवाहित थे. सड़क पर कोबरा दिखने के बाद वह उसे उठाकर खेलने लगे. वहां जमा भीड़ उन्हें रोकती रही, लेकिन उन्होंने बहादुरी दिखाने के चक्कर में सांप को गले में लपेट लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच सांप ने उनके हाथ, कान और गर्दन पर हमला कर दिया. परिजन उन्हें डॉक्टरों के पास ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

वन विभाग की चेतावनी: सांपों से न करें खिलवाड़: मामले पर डीएफओ रामपुर प्रणव जैन ने बताया कि भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में शामिल इंडियन स्पेक्टाकल कोबरा के साथ बिना प्रशिक्षण के छेड़छाड़ जानलेवा है. उन्होंने अपील की है कि सांप दिखने पर लोग खुद रेस्क्यू करने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें. इस मामले में व्यक्ति प्रशिक्षित नहीं था, जिससे यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *