उन्नाव में ट्रक ने सड़क पर बिछा दीं एक ही परिवार की चार लाशें, पुलिस ने समेटे शवों के चीथड़े

Spread the love

उन्नाव के सोहरामऊ में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में पति-पत्नी और 2 बच्चे शामिल हैं. लखनऊ की तरफ जा रही बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने पहले टक्कर मारी. फिर पति-पत्नी और दो बच्चों को रौंदते हुए निकल गया.. दंपती की बड़ी बेटी पीछे से आ रहे साढ़ू की बाइक पर बैठी थी, इससे वह बच गई.

हादसे में सभी के चीथड़े उड़ गए. पहिए के नीचे आने की वजह से सबका शरीर चिपटा हो गया. मांस के लोथड़े सड़क पर फैल गए. पॉलीथिन में शवों को भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. हादसे में पूरी बाइक भी खत्म हो गई. घटना सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास हुई। पुलिस ने बताया कि ट्रक ने पीछे से बाइक सवारों को रौंदा है और आगे निकल गया है.

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने हाईवे पर पड़े शवों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया.

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर बुधवार रात 11.30 बजे हुआ. अजगैन कोतवाली व कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) पुत्र गुरुचरण परिवार के साथ बुधवार को लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम समापन के बाद रात में बाइक पर पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. दूसरी बाइक पर उनकी बड़ी बेटी नैनसी (15) साढू रंजीत के साथ बैठी थी. वीरेंद्र बाइक से आगे चल रहे थे.

पहले कंटेनर में टक्कर मारी: भल्ला फार्म तिराहे के पास पीछे आ रहे साढ़ू रंजीत को न देख बाइक रोक दी और उसका इंतजार करने लगा. तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी, जिससे कंटेनर हाईवे पर पलट गया. भागने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवार परिवार को कुचल दिया. हादसे में दंपती और उसके दो बच्चों की मौत हो गई. वीरेंद्र गांव में खेती के साथ ही प्राइवेट जॉब करते थे.

हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और आनन फानन शवों को किनारे कराया. थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. ट्रक कब्जे में लिया गया है.

शव खुरच कर निकाले, मांस के लोथड़े सड़क पर फैल गए: ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी टक्कर से बाइक सवारों के चीथड़े उड़ गए. बाइक सवार कुछ दूर हाईवे पर गिर गए और उनके चीथड़े उड़ गए. ऊपर से ट्रक के पहिए निकल गए, जिससे शवों के कुछ हिस्से हाईवे पर चिपक गए. मांस के लोथड़े इधर-उधर सड़क पर फैले हुए थे। कई लोथोड़े, तो डिवाइडर में चिपके हुए थे.

मां-बाप और भाइयों के शव देखकर बेटी बेहोश हो गई: परिवार की बड़ी बेटी नैनसी के सामने वह मंजर आज भी किसी डरावने सपने से कम नहीं है. हादसे के वक्त नैंसी अपने मौसा रंजीत की बाइक पर पीछे बैठकर आ रही थी। कुछ दूरी आगे ही उसके माता-पिता और भाई-बहन चल रहे थे. अचानक हुए भीषण हादसे में सब कुछ पल भर में बदल गया. जब नैनसी आगे बढ़ी और सड़क पर बिखरे अपनों को देखा, तो उसकी चीख निकल पड़ी. माता-पिता खून से लथपथ थे, भाई-बहन बेसुध पड़े थे। यह दृश्य नैनसी के लिए असहनीय था.

चीख-पुकार के बीच नैनसी बदहवास होकर वहीं गिर पड़ी. मौसा रंजीत ने किसी तरह उसे संभाला, लेकिन बच्ची की हालत देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. कोई उसे पानी पिला रहा था तो कोई ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नैनसी बार-बार अपनों की ओर देखने की जिद कर रही थी. एक ही पल में उसके सिर से माता-पिता का साया उठ गया और भाई-बहनों की किलकारियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *