रोहित शेट्‌टी के घर फायरिंग करने वाले 7 शूटर गिरफ्तार, सभी आगरा, नोएडा और इटावा के रहने वाले

Spread the love

फिल्म प्रोड्यूसर रोहित शेट्‌टी के घर फायरिंग केस में यूपी के 7 आरोपी पकड़े गए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के लिंक गैंगस्टर लॉरेंस से जुड़े हैं. रंगदारी के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था.

हरियाणा STF और मुंबई पुलिस ने साथ मिलकर ये ऑपरेशन किया है. आरोपियों में 5 आगरा और नोएडा और इटावा के एक-एक निवासी है. आरोपी लॉरेंस गैंग के कहने पर फिल्मी हस्तियों को डराने के लिए उनके घरों पर फायरिंग करते थे, ताकि रंगदारी वसूली जा सके.

आगरा, नोएडा और इटावा के रहने वाले

➤दीपक पुत्र रमेश चंद्र (24 साल), निवासी विजौली, थाना बाह, जिला आगरा.
➤सनी पुत्र राकेश कुमार (23 साल), निवासी विजौली, थाना बाह, जिला आगरा.
➤सोनू पुत्र विनोद कुमार (23 साल), निवासी विजौली, थाना बाह, जिला आगरा.
➤रितिक पुत्र विनोद कुमार (22 साल), निवासी विजौली, थाना बाह, जिला आगरा.
➤विष्णु कुशवाहा पुत्र सूरज पाल (26 साल), निवासी विजौली, थाना बाह, जिला आगरा.
➤जतिन भारद्वाज पुत्र रत्नेश (24 साल), निवासी सदरपुर, सेक्टर 45, गौतमबुद्धनगर.
➤विशाल पुत्र बालकराम निवासी बसवारा, इटावा.

दीपक मेन शूटर, विदेश में बैठे हरि बॉक्सर और आरजू के संपर्क में था: STF के मुताबिक, दीपक मुख्य शूटर था, जो विदेश में बैठे हरि बॉक्सर और आरजू के संपर्क में था। उसी ने रोहित शेट्टी के घर पर गोली चलाई थी। वहीं, उसके साथी सन्नी और सोनू ने घर के बाहर रेकी की थी। आरोपी रितिक ने दीपक और उसके साथियों को छिपने में मदद की।

लॉरेंस गैंग के ये मेंबर हरियाणा के झज्जर, आगरा और नोएडा में छिपे हैं। इसके बाद STF और मुंबई पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। 15 फरवरी को झज्जर के मछरौली से मेन शूटर दीपक सहित सनी, सोनू और रितिक को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा आगरा और साहिबाबाद (गाजियाबाद) से विष्णु कुशवाहा, जतिन भारद्वाज और विशाल को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया- रोहित शेट्टी के घर फायरिंग कर दहशत फैलाने की साजिश थी। इस वारदात के पीछे शुभम लोनकर गिरोह का हाथ है। सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग की फैन फॉलोइंग देखकर इनमें अपराध की दुनिया में अपना नाम कमाने की इच्छा जगी। घटना से पहले मुंबई जाकर कई बार रेकी की गई। 1 फरवरी की रात सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग की गई। फरारी के दौरान सोशल मीडिया और टीवी चैनल से पुलिस की गतिविधियों की जानकारी लेकर ठिकाने बदलते रहे। जतिन और विशाल फरारी के दौरान ठिकाने और संसाधन उपलब्ध करा रहे थे।

STF प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों- रितिक यादव, दीपक, सनी और सोनू पर एक-एक केस दर्ज है। सभी के खिलाफ BNS की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) तथा 3, 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले इस मामले में मुंबई पुलिस ने 5 फरवरी को आरोपी आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच के मुताबिक, आसाराम फसाले पिछले चार वर्षों से गैरेज मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था और लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ था। वह गैंग के मास्टरमाइंड शुभम लोनकर के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई करता था। अब तक रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में करीब 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *