लखनऊ में सोमवार को डबल डेकर बस पलट गई इसमें 6 की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हो गए. हालांकि आधिकारिक रूप से 5 मौतों की ही पुष्टि हुई है.
28 घायलों को SGPGI के अपेक्स ट्रामा सेंटर भेजा गया है. इनमें इसमें 7 बच्चे, 12 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं. हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर बस छोड़कर भाग गए. मरने वाले 3 यात्रियों की पहचान हो गई है. इनमें प्रभात कुमार, अंशु (5) और अंजली (10) शामिल हैं। बाकी 3 मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.
कई यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर ने हादसे के आधे घंटे पहले ढाबे पर शराब पी थी. वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ.
एक प्रत्यक्षदर्शी अंश पटेल ने बताया- बस लखनऊ की तरफ से आ रही थी. बस सांप की तरह लहरा रही थी. फिर अचानक पलट गई. हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई. हम लोग भागकर मौके पर पहुंचे.
घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो भी सामने आया है. यह क्रेन से बस को सीधा करने के समय का है. बस को सीधा करते ही उसकी खिड़कियों से लाशें धड़ाम से सड़क पर गिर गईं. फिर चारों तरफ खून ही खून फैल गया. बस सीधी होने के बाद भी कुछ घायल और मृत यात्री खिड़कियों से लटकते रहे. इस दौरान कोई रो रहा था, तो कोई चीख-चिल्ला रहा था.

बस लुधियाना (पंजाब) से दरभंगा (बिहार) जा रही थी. बस की स्पीड 80 किलोमीटर से ज्यादा थी. बस पलटने के बाद इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया.
क्रेन की मदद से बस को सीधी कर टोल प्लाजा ले जाया गया. वहीं, लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल के सभी डॉक्टरों को बुला लिया गया. बस नंबर और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. हादसे के बाद जो तस्वीरें आईं, उनमें कई यात्रियों के हाथ-पैर शरीर से अलग दिख रहे. दुर्घटना की जगह पर चारों ओर खून ही खून फैल गया जिसे सफाईकर्मियों से साफ कराया गया.
















Leave a Reply