बसपा विधायक के घर से 11 करोड़ कैश मिला, 1000 करोड़ टैक्स चोरी में दूसरे दिन भी RAID

Spread the love

बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी है. सोनभद्र, कौशांबी और बलिया में कार्रवाई चल रही है, जबकि लखनऊ के आवास पर छापेमारी खत्म हो चुकी है. सूत्रों के मुताबिक, यहां से टीम को करीब साढ़े 11 करोड़ रुपए कैश मिले हैं. इसके अलावा महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवर भी बरामद हुए हैं.

बुधवार को आयकर टीम ने एक साथ 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी. सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग 1000 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी के मामले में फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रहा है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर बरामदगी की पुष्टि नहीं की गई है.

लखनऊ में बुधवार सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुई कार्रवाई आज सुबह 9 बजे तक चली. करीब 50 अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान किसी के भी अंदर-बाहर जाने पर रोक लगा दी गई थी. विधायक और उनका परिवार घर के अंदर ही मौजूद था. वहीं, सोनभद्र में छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन के ऑफिस में 24 अधिकारी मौजूद हैं. गेट अंदर से बंद है. कंपनी के कर्मचारी भी भीतर हैं. रात में बाहर से खाना मंगवाकर अधिकारियों ने भोजन किया. बुधवार को अफसर बाराती बनकर पहुंचे थे। उनकी गाड़ियों पर शादी के पंपलेट लगे हुए थे.

उमाशंकर सिंह, बलिया की रसड़ा विधानसभा से लगातार तीन बार विधायक हैं. उन्हें ब्लड कैंसर है. वे पिछले महीने ही अमेरिका से ब्लड चेंज कराकर लौटे हैं. फिलहाल, लखनऊ आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं. बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस छापेमारी को मानवता के खिलाफ बताया था. योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह, उमाशंकर सिंह के समधी हैं. उन्होंने कहा- एक बेटी का बाप होने के नाते मैं उसके सुख-दुख में खड़ा रहूंगा. बेटी नहीं छोड़ी जा सकती, राजनीति छोड़ी जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *