रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में असोथर थाना क्षेत्र के जागेश्वर धाम मंदिर के मुख्य द्वार के पास शराब पीने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, बावन थाना गाजीपुर निवासी संतोष पुत्र शिवपूजन और असोथर थाना क्षेत्र के सुसवन खुर्द निवासी विमल पुत्र नीरज साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान गांव के ही अनिकेत सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने संतोष से कहा कि विमल की तबीयत अक्सर खराब रहती है, इसलिए उसे शराब क्यों पिला रहे हो.
इस बात पर संतोष ने कहा कि विमल उसका रिश्तेदार है और वह उसे शराब पिला रहा है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद बढ़कर गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बावजूद दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई. पुलिस ने अनिकेत सिंह और संतोष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों को हिरासत में लिया गया है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply