कानपुर में तालाबंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 लाख रुपये के जेवरात व नगदी बरामद

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की बर्रा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. बर्रा थाना पुलिस ने तालाबंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये के जेवरात, नगदी और घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया है.

पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. दरअसल बर्रा-7 और बर्रा-4 इलाके में बंद पड़े दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं. इस संबंध में प्रदीप प्रजापति और हर्षित चौहान की तहरीर पर बर्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम उर्फ विक्की उर्फ विराट, राज कश्यप और अंकित को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 8 लाख रुपये के चोरी किए गए जेवरात, नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं.

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विक्की पर पहले से भी चोरी के मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *