कानपुर में वन विभाग की वर्दी पहनकर बेच रहा था गांजा, चेहरे से गमछा हटाया तो भिड़ गया

Spread the love

कानपुर में वन विभाग की वर्दी पहनकर गांजा तस्करी करने वाले एक युवक को कल्याणपुर पुलिस ने गुरुवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से 2.035 किलोग्राम अवैध गांजा और एक होंडा साइन बाइक बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वर्दी का फायदा उठाकर गांजा बेच रहा था.

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक वन विभाग की वर्दी पहनकर गांजा लेकर इलाके में आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बारासिरोही नहर पुल से करीब 300 मीटर दूर प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैटों के पास घेराबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

पूछताछ में सामने आई आरोपी की पहचान: पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मधुकर भदौरिया उर्फ शनि उर्फ विकास (33) निवासी केशवपुरम आवास विकास, थाना रावतपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई. आरोपी ने बताया कि वर्ष 2012 में वह वन विभाग में ठेके पर भर्ती हुआ था और उसी दौरान उसे विभाग की वर्दी मिली थी. बाद में उसकी नौकरी खत्म हो गई, लेकिन वर्दी उसके पास ही रह गई.

उन्नाव से लाकर कानपुर में करता था गांजे की सप्लाई: आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह उन्नाव से गांजा लाकर कानपुर में बेचता था. वर्ष 2018 से वह गांजा तस्करी कर रहा है और ऑटो व ट्रक चालकों के साथ नशे के आदी युवाओं को गांजा सप्लाई करता था. वन विभाग की वर्दी पहनने के कारण लोगों को उस पर शक नहीं होता था.

अन्य जिलों में भी दर्ज हैं मुकदमे: पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं. कानपुर में भी उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं.

नेटवर्क की जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस: थाना प्रभारी कल्याणपुर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *