कानपुर के साढ़ में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: चले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी, एक दर्जन घायल

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के चिरली गांव में गेहूं के खेत में पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से फरसा, कुल्हाड़ी, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चल गए. मारपीट में दोनों पक्षों के लगभग एक-एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार गांव में एक पक्ष ने अपने खेत में पानी लगाया था, जिससे पानी बहकर इंद्रपाल के गेहूं के खेत में भर गया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था. मामले को लेकर शुक्रवार को साढ़ थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी करा दिया गया था.

बताया जा रहा है, कि शनिवार सुबह फिर से विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि जयचंद्र और बदलू राहुल के घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे. राहुल के विरोध करने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों, फरसा, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया.

मारपीट में प्रथम पक्ष के अरविंद, जयचंद, रामप्रसाद, निशा, शिवनाथ, विश्वनाथ, शालू, जगन्नाथ, छविनाथ, केशनपाल और बउवन घायल हो गए वहीं दूसरे पक्ष के राहुल, नितिन, छविनाथ, अरविंद, बउवन, केशनपाल, कल्लू, विश्वनाथ, राजेवारी, पूनम, बबली और उर्मिला समेत कई लोग चोटिल हुए हैं.

घटना की सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

तहरीर के आधार पर करेंगे कार्रवाई: साढ़ थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि वह सूचना मिली थी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, घटना की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है. तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *