गर्लफ्रेंड ने बात करना बंद किया तो कर दिया ब्लेड से हमला, फिर खुद की गर्दन काटी; हैलट में भर्ती

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा कस्बे में शनिवार दोपहर प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने घर में अकेली युवती पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया. इसके बाद युवक ने अपनी गर्दन और कलाई पर भी ब्लेड मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. युवक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है. प्राथमिक इलाज के बाद यहां से हैलट अस्पताल भेज दिया गया.

लड़के का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे. 3-4 महीने से प्रेमिका उससे बात नहीं कर रही थी। वह किसी और से बात करने लगी थी. मैंने उसे मनाया फिर भी वह नहीं मानी वहीं, लड़की का कहना है- बात करने के लिए लड़की पर दबाव बना रहा था. मना करने पर उसने ब्लेड और चाकू से गले और हाथ पर हमला कर दिया.

बिल्हौर कस्बे की रहने वाली युवती अपनी चचेरी बहन के साथ घर पर कपड़े लेने पहुंची थी. जैसे ही उसने दरवाजा खोला, खजुरिया निवादा निवासी अरविंद दिवाकर अंदर घुस आया और उसे कमरे में धक्का देकर बंद कर लिया. आरोप है कि युवक बात करने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने ब्लेड व चाकू से युवती के गले और हाथ पर हमला कर दिया.

लड़की ने बताया- मुझे आज कानपुर जाना था, इसलिए अपनी चचेरी बहन के साथ अपने दूसरे घर पर कपड़े लेने गई थी. घर का दरवाजा खोलते ही पीछे से गांव का रहने वाला अरविंद दिवाकर आ गया. वह धक्का मारकर मुझे कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। अरविंद मुझसे बात करने का दबाव बनाने लगा. मना करने पर उसने साथ लाए ब्लेड और चाकू से गले और हाथ पर हमला कर घायल कर दिया. इसके बाद युवक ने अपने हाथ और गले पर ब्लेड मार कर स्वयं को घायल कर लिया.

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया. युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों पहले साथ पढ़ते थे और दोस्ती थी, लेकिन उसने कुछ समय से बात करना बंद कर दिया था. वहीं युवक ने सात साल से प्रेम संबंध होने की बात कही. पुलिस को मौके से ब्लेड व अन्य सामान मिला है.

एसीपी मंजय सिंह ने बताया- युवक ने लड़की पर धारदार वस्तु से हमला किया. इसके बाद खुद को भी घायल कर लिया. दोनों का इलाज चल रहा है. दोनों खतरे से बाहर हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *