महिला को इंप्रेस करने के लिए रची 38 लाख रुपये ‘लूट’ की फर्जी कहानी, पुलिस ने खोला राज

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में 38 लाख की लूट की झूठी कहानी बनाने वाले सर्राफा कारोबारी अंतिम सोनी को पुलिस ने अरेस्ट किया है. कारोबारी मेरठ के ब्रह्मपुरी का रहने वाला है. शादी डॉट कॉम पर कानपुर की एक महिला से उसकी मुलाकात हुई थी. पुलिस के अनुसार, अंतिम सोनी वेबसाइट के जरिए कानपुर की एक तलाकशुदा महिला से संपर्क किया था. वह खुद को अमीर दिखाकर शादी के लिए उसे प्रभावित करना चाहता था. इसके बाद महिला और कारोबारी दोनों मिलकर फ्लैट लेने की तैयारी कर रहे थे.

शुक्रवार को कारोबारी कानपुर आया. इस दौरान उसने महिला को फोन कर बताया कि वह 30 लाख कैश और 8 लाख के गहने लेकर आया था लेकिन यहां उसके साथ लूट हो गई. कारोबारी ने थाने पहुंचकर झूठी शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने पूछताछ की और कारोबारी की लोकेशन चेक की. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. रायपुरवा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार देर रात उसे गिरफ्तार किया. उसके खाते में 1710 रुपये मिले. इनमें से 1500 रुपए उसने किसी से ऑनलाइन उधार लिए थे. आरोपी पहले भी तीन शादियां कर चुका है.

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि फर्जी सूचना देकर लूट का मुकदमा दर्ज कराने वाले अंतिम सोनी को लूट की धारा में आरोपित बनाया गया है. इसके साथ ही फर्जी साक्ष्य गढ़ने की धारा बढ़ाई जाएगी.

नवरात्र में करनी थी सगाई: शहर की दो बच्चों की मां से यह करीब चार माह पहले समाज शादी डाटकाम के जरिए मिला था. नवरात्र में दोनों की सगाई होनी थी. महिला को फंसाने के लिए उसने 65 लाख में फ्लैट खरीदने की बात कही थी.

एडवांस के तौर पर 30 लाख रुपए नकद और आठ लाख के जेवरात लेकर शहर आने की बात कही थी. इसके बाद अंतिम सोनी ने उसने सीसामऊ पुलिस को अपने साथ लूट की घटना होने की जानकारी दी थी. पुलिस ने जब घटनास्थल पूछा तो उसने अफीमकोठी पुल के पास बताया जिसके बाद रायपुरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.

बैग 10 मीटर दूर रखकर पीता मिला सिगरेट: डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई जिसमें सर्विलांस,साइबर और क्राइम ब्रांच व थाने की टीम थी. पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि वह संगम एक्सप्रेस से चार बजकर आठ मिनट पर उतरा था. चार बजकर 21 मिनट पर बाहर निकला. इसके बाद सिगरेट पी इस दौरान उसका बैग सीसीटीवी फुटेज में 10 मीटर दूर रखा दिखा. इससे पुलिस को शक हो गया कि इतनी रकम कोई इस तरह लापरवाही से कैसे छोड़ सकता है.

लोकेशन गलत बतायी: आरोपी ने चार बजकर 56 मिनट पर खुद को अफीम कोठी पर बताया था। सर्विलांस टीम ने जांच की तो वह उस समय पनकी पड़ाव में लोकेशन मिली. पुलिस ने वहां के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वहां बैग लेकर टहलता नजर आया. आरोपी ने बताया कि बैग से नकदी और जेवरात लूटने के बाद लुटेरे उसे गमछे में बांधकर ले गए थे. पुलिस ने बैग खोला तो कपड़े तह लगे व्यवस्थित मिले शक और गहराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया. पूछताछ में उसने बताया कि उसने महिला को जाल में फंसाने के लिए यह पूरी साजिश रची थी.

15 महिलाओं से बातचीत की चैट मिली: एडीसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपी ने लुटेरों का जो हुलिया बताया वह महिला के बेटों से मिलता जुलता था. वह महिला की भी तीन ग्राम की चेन ले गया था. उन्होंने बताया कि आरोपित की तलाश इंदौर की क्राइम ब्रांच टीम कर रही है जहां से उसने डेढ़ लाख का लोन फर्जी सोना रखकर ले लिया था. इसके साथ ही मेरठ में जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी ने पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर कई लोगों से ठगी की वारदात को अंजाम दिया है. उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी पर करीब 15 महिलाओं से बातचीत की चैट मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *