लखनऊ के एक घर में मिले 52 घरेलू गैस सिलेंडर, रेड करने पहुंचे अधिकारी रह गए सन्न

Spread the love

गैस सिलेंडर के लिए मारामारी के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कालाबाजारी पकड़े जाने की खबर सामने आई. यहां एक मकान से 52 घरेलू गैस सिलेंडर मिले हैं। एक घर में इतने गैस सिलेंडर देखकर छापेमारी करने पहुंचे अधिकारी भी सन्न रह गए. खाद्य आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को मुखबिर सूचना पर कृष्णा नगर के न्यू सरदारी खेड़ा के एक मकान में छापामारी कर कुल 52 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया है. क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी की शिकायत पर कृष्णा नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

खाद्य आपूर्ति विभाग अधिकारी अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस सिलेंडर कालाबाजारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत मंगलवार को न्यू सरदारी खेड़ा में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर घरेलू सिलेंडर स्टॉक किए जाने की सूचना मिली जिसपर हजरतगंज से एआरओ श्रद्धा श्रीवास्तव, चौक आपूर्ति निरीक्षक चक्रपाणि मिश्र,आलमबाग एआरओ सुरेश कुमार सरोज के नेतृत्व में टीम गठित कर छापामारी कर सुनील कुमार पुत्र सियाराम के घर और उनके पिकअप गाड़ी से कुल 52 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ है जो कि महंगे दामों पर विक्री के लिए स्टॉक किया गया था.

बरामद हुए सिलेंडरों में 46 सिलेंडर भरे हुए थे 01 आंशिक रूप से भरा हुआ था और 5 सिलेंडर खाली थे जिसे कस्टडी में ले लिया गया है. आपूर्ति अधिकारी अशोक चौरसिया की शिकायत पर कृष्णा नगर पुलिस ने 3/7 की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

ढाबों से लेकर निजी पीजी होस्टलों तक सप्लाई: सूत्रों के अनुसार शहर में बड़े पैमाने पर एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है. गैस एजेंसियों के डिलिवरीमैन ज्यादा पैसा लेकर इनकी सप्लाई छोटे ढाबों, खोमचों पर कर रहे हैं. एक अनुमान के अनुसार शहर में 45 हजार ऐसी खानपान की दुकानों पर घरेलू सिलेंडर ही इस्तेमाल किए जा रहे हैं. इनके अलावा बाहर से आकर लखनऊ में पढ़ाई या कोचिंग करने वाले छात्र छात्राओं को पीजी होस्टल में बिना किसी दस्तावेज डिलिवरीमैन ही सिलेंडर पहुंचा रहे हैं. यही वजह है जो एक महीने के गैस संकट के बावजूद भी धड़ल्ले से 14.2 किलोग्राम वजन वाले घरेलू सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 2500 से 2600 रुपये के बिक रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *