फतेहपुर में लोडर-ट्रक की भिड़ंत में चालक व श्रमिक की मौत, क्रेन से निकाले गए केबिन में फंसे शव

Spread the love

फतेहपुर की खागा कोतवाली क्षेत्र के इस्कुरी गांव के सामने कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रविवार देर रात आलू लादकर जा रहे लोडर की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में लोडर चालक और उसके साथ बैठे श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों के शव केबिन में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें पुलिस ने क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया.

थरियांव थानाक्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी 38 वर्षीय कमलेश पुत्र शिवशंकर रविवार रात लोडर में आलू लादकर प्रयागराज जा रहा था. उसके साथ थरियांव के ही सुधांव गांव निवासी 60 वर्षीय मूलचंद्र बोरियां उतारने के लिए बैठे थे. रात करीब 11 बजे जैसे ही लोडर इस्कुरी गांव के सामने पहुंचा, तभी आगे चल रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी भिजवा दिया. कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया आशंका है कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *