रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर के थाना थरियांव क्षेत्र में बीती रात पुलिस को उस वक़्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब 25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर अपराधी जीशान खान मुठभेड़ में घायल हो गया. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम पूर्वी बाईपास पर चेकिंग कर रही थी तभी सूचना मिली कि वांछित आरोपी जीशान खान हाईवे मोड़ की तरफ से फतेहपुर आ रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा शुरू किया. खुद को घिरता देख आरोपी टिकसारी मार्ग की ओर भागा और झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी जीशान खान के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा. घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने गैंगस्टर जीशान से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी जीशान खान पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं जिसमें हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं. वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
















Leave a Reply