यूपी में चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की फाइनल लिस्ट शुक्रवार को जारी कर दी है. यूपी में वोटर्स की संख्या 13% घटकर 13.39 करोड़ हो गई है. फाइनल लिस्ट से 2.05 करोड़ नाम कटे हैं. 84 लाख नए नामों को जोड़ा गया है.
‘SIR’ से पहले अक्टूबर 2025 में यूपी में कुल 15.44 करोड़ वोटर्स थे. पहली ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद ये आंकड़ा 12.55 करोड़ हो गया था. इसमें 2.89 करोड़ लोगों के नाम कटे थे. पहले ड्राफ्ट लिस्ट से जो नाम कटे थे, उसमें 84 लाख नामों को लिस्ट में जोड़ा गया है.
अंतिम सूची में 13.39 करोड़ मतदाता: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 6 जनवरी को जो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हुई थी, उसमें 12,55,56,025 मतदाताओं के नाम थे. इसमें पुरुषों की संख्या 6,88,43,159 और महिलाओं की संख्या 5,67,08,747 थी. उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में 13,39,84,792 वोटर्स शामिल हैं. इसमें पुरुष मतदाता 7,30,71,061 यानी 54.54% और महिला मतदाता 6,09,09,525 (45.46%) हैं. तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 4,206 है.
अंतिम सूची में नाम कैसे चेक कर सकते हैं? उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची voters.eci.gov.in और ceouttarpradesh.nic.in पर देखी जा सकती है. यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो आप फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं.

ऑनलाइन आवेदन https://voters.eci.gov.in पर अपने मोबाइल नंबर के जरिए किया जा सकता है. आवेदन फॉर्म डाउनलोड भी किया जा सकता है.
यूपी से पहले 11 राज्यों की फाइनल लिस्ट जारी हो चुकी. यूपी से पहले 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की फाइनल लिस्ट जारी हो चुकी है. इनमें सबसे ज्यादा 68 लाख नाम गुजरात में कटे हैं. दूसरे नंबर पर बंगाल है, जहां 63 लाख वोटर्स कम हुए.















Leave a Reply