रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कर्नाटक के बेंगलुरु से अजमेर शरीफ दरगाह जा रही टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मामूली रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार ट्रक (नंबर UP33BT6217) कई दिनों से खराब होकर सड़क पर खड़ा था. गुरुवार सुबह करीब चार बजे टूरिस्ट बस (नंबर LN 01B3139) अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई. प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आना हादसे का कारण माना जा रहा है.
बताया जा रहा है कि बस में सवार करीब 55 यात्री लखनऊ होते हुए अजमेर शरीफ दरगाह के दर्शन के लिए जा रहे थे. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया.
हादसे में सादिक पुत्र प्यारो उम्र करीब 37 वर्ष निवासी कोलार (कर्नाटक) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई वहीं दो यात्रियों नूर पुत्र अल्लाबकश 38 वर्ष और सद्दाम पुत्र सुल्तान उम्र करीब 32 वर्ष को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है.
ललौली थाना प्रभारी एसबी सिंह ने बताया कि घायल यात्री की इलाज के दौरान मृत्यु हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
















Leave a Reply