किदवई नगर में प्लास्टिक के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 25 फीट ऊंची उठीं लपटें

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया. ऊंची उठती आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे गोदाम से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते 25 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ रखा था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई. आग से उठ रहा काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.

2 घंटे बाद आग पर पाया गया काबू: सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

गोदाम जलता देख भावुक हुआ संचालक: स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम किराए पर संचालित किया जा रहा था और इसे संजय नाम का व्यक्ति चलाता है. आग लगने की सूचना मिलने पर गोदाम संचालक संजय मौके पर पहुंचे. अपना गोदाम जलता देख वह भावुक हो गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *