10 फीट जमीन के लिए दो भाइयों में मारपीट: 2 घंटे पहले जन्मे बच्चे की मौत, मां को भी पीटा

Spread the love

कानपुर में 10 फीट जमीन को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया. बड़े भाई और उसके परिवार वालों ने छोटे भाई की पत्नी पर लाठी-डंडों से वार कर दिया. इस दौरान महज दो घंटे पहले जन्मे नवजात को भी डंडा लग गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर घर पहुंचे नवजात के पिता पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामला महराजपुर थाना क्षेत्र के कंधईखेड़ा गांव का है.

6 साल से चल रहा है बड़े भाई से विवाद: कंधईखेड़ा गांव के रहने वाले महेंद्र खेती-किसानी करते हैं. परिवार में पत्नी ज्योति और एक चार साल का बेटा है. महेंद्र के बड़े भाई ब्रजेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे महेंद्र के दूसरे बेटे का जन्म हुआ था. महेंद्र का बड़े भाई सुरेंद्र से पिछले छह साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है.

बच्चे के जन्म के करीब दो घंटे बाद महेंद्र किसी काम से घर से बाहर गया था. इसी दौरान सुरेंद्र अपने बेटे शिवा, बेटी उन्नति, पूनम और एक अन्य युवक के साथ ज्योति के कमरे में घुस गया और उसके साथ मारपीट करने लगा. डंडा लगने नवजात की मौत ज्योति के साथ मौजूद महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इसी दौरान मारपीट में डंडा नवजात को लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलने पर महेंद्र घर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया. महेंद्र की हालत गंभीर देखकर ग्रामीणों ने हमलावरों को दौड़ाया तो वे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. इसके बाद परिजनों ने महेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

थाना प्रभारी जर्नादन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुरेंद्र उसके बेटे व बेटी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराओं की बढ़ोत्तरी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *