कानपुर में एक्सपायरी चॉकलेट की लूट: कार-बाइक रोककर उठा रहे थे ‘जहर के गत्ते’

Spread the love

कानपुर में कूड़े के ढेर में पड़ी एक्सपायरी चॉकलेटों और टॉफियों को लूटने की होड़ मच गई. बाइक और कार सवार लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर चॉकलेट-टॉफी बटोरने में जुट गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है.

वीडियो में दिख रहा है कि कूड़े के ढेर में टॉफियों और चॉकलेटों के बॉक्स पड़े हैं. कुछ लोग बोरियों में चॉकलेट के डिब्बे भर रहे हैं. देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो जाती है. बाइक सवारों के बीच चॉकलेट उठाने की होड़ मच जाती है. लड़कियां और महिलाएं थैलियां भर-भरकर चॉकलेट ले जाने लगीं.

लोग ज्यादा से ज्यादा डिब्बे उठाकर भागने लगे. कोई थैलियों में तो कोई पूरा गत्ते का डिब्बा उठाकर ले गया. ट्रक और कार सवारों ने भी अपनी गाड़ियां रोककर चॉकलेट उठाना शुरू कर दिया. इससे रोड पर लंबा जाम लग गया. 30 मिनट के अंदर ही पूरा माल साफ हो गया. वीडियो पनकी के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कूड़ा डंपिंग यार्ड का बताया जा रहा है.

वीडियो कब का है, पुलिस पता लगा रही: पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वीडियो एलएमएल चौराहे से थम्सअप चौराहे के बीच फर्टिलाइजर फैक्ट्री के पीछे हाईवे किनारे का है. किसी कंपनी ने बड़ी मात्रा में एक्सपायर हो चुकी टॉफियों और चॉकलेट के डिब्बे खुले में फेंक दिए. जैसे ही स्थानीय लोगों को हाईवे किनारे टॉफियों और चॉकलेट के डिब्बे पड़े होने की खबर मिली, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

इस दौरान किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. जांच के दौरान पुलिस को मौके से टॉफियों के कुछ फटे और मिट्टी से सने खाली रैपर मिले हैं, जिन पर ‘एन’ और ‘गुजरात’ लिखा दिखाई दे रहा है. पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि यह वीडियो कब का है. किस कंपनी या डिस्ट्रीब्यूटर ने इतनी लापरवाही से माल हाईवे किनारे फेंका.

एक्सपायरी टॉफियां और चॉकलेट सेहत के लिए ठीक नहीं: डॉक्टर्स का कहना है कि एक्सपायरी टॉफियां और चॉकलेट सेहत के लिए ठीक नहीं हैं। इनमें मौजूद दूध, वसा और अन्य सामग्रियां खराब हो चुकी होती हैं। इसे खतरनाक बैक्टीरिया और फंगस (फफूंद) पनपने का खतरा बढ़ जाता है. इन्हें खाने से फूड पॉइजनिंग, पेट में तेज दर्द, उल्टी, दस्त (डायरिया) और एसिडिटी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा, एलर्जी, रैशेज और सिरदर्द की शिकायत भी हो सकती है. बच्चों की इम्युनिटी कमजोर होने की वजह से उन पर इसका असर और भी ज्यादा हो सकता है.

डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी ने कहा-“एक्सपायरी डेट के चॉकलेट का वीडियो संज्ञान में आया है. पनकी थाना प्रभारी को जांच का आदेश दिया है. इस तरह के एक्सपायरी खाद्य पदार्थ खाने से किसी के भी स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है, जांच के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *