CGST टीम का नामचीन होटल लैंडमार्क पर छापा, कर चोरी का अंदेशा; दस्तावेज जब्त

Spread the love

कर चोरी की आशंका में मंगलवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) की टीम ने सिविल लाइंस स्थित होटल लैंडमार्क में छापा मारा। टीम ने घंटों जांच पड़ताल की. अधिकारियों ने होटल से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कर संबंधी रिकॉर्ड खंगाले. टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए, जिन्हें आगे की जांच के लिए साथ ले जाया गया.

सूत्रों ने बताया कि होटल में अलग-अलग श्रेणी के कमरे किराए पर दिए जाते हैं. जिन पर अलग-अलग कर लगता है. इसके अलावा होटल कई सेवाएं भी संचालित की जाती हैं. रेस्टोरेंट, स्पा से हो रही कमाई के अलावा होटल के बैंक्वेट हाल की बुकिंग और कर भुगतान से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला गया है. तमाम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. जांच के आधार पर ही कर चोरी का आंकलन किया जा सकेगा. यह कार्रवाई सुबह शुरू हुई और दोपहर तक चली. अधिकारियों की टीम ने होटल के विभिन्न कार्यालयों और संबंधित रिकॉर्ड की गहनता से जांच की. इस दौरान कर्मचारियों और प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई.

अधिकारियों ने दस्तावेज में दर्ज लेनदेन और जीएसटी से संबंधित विवरण का मिलान किया. सूत्रों के अनुसार टीम ने खातों से जुड़े कागजात, बिल और खरीद-बिक्री का ब्योरा जांचा. कर भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की गई. जांच में सामने आए दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड को टीम अपने साथ ले गई है. अब इन दस्तावेज का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *