पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने हाल की बारिश में जो जलभराव पूरे शहर में हुआ उसके लिए बड़े अधिकारियों खासतौर पर जल संस्थान को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने डीएम-कमिश्नर का नाम लेकर कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई हो जाती तो इसकी नौबत ना आती. मेयर ने कहा कि वे आज ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सारे हालत से अवगत कराएंगी.
मेयर ने यह भी कहा कि सभी 110 वार्डों में कमेटियां बनायी जाएंगी जो नाला सफाई जैसी अहम् समस्यायों पर विचार कर उचित समाधान के लिए त्वरित कदम उठाएंगी.
आज सोमवार को मेयर प्रमिला पांडेय ने सीसामऊ नाले का निरीक्षण किया. सोमवार दोपहर सवा 12 बजे मेयर मौके पर पहुंचीं. उन्होंने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ करीब 40 मिनट तक नाले का निरीक्षण किया.
मेयर ने कहा- वीआईपी रोड पर बारिश का पानी क्यों भरा, जबकि सीसामऊ नाले को लेकर मार्च में बैठक की गई थी. नगर आयुक्त के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी. यदि किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी.
निरीक्षण के बाद मेयर ने कहा- मैं अपनी गलती मानने को तैयार हूं, यदि इतनी भारी बारिश के बाद भी कहीं जलभराव बना रहता है लेकिन वीआईपी रोड पर बारिश का पानी एक घंटे के भीतर ही सड़क से निकल गया था.
टैफ्को क्षेत्र में नाले पर अवैध कब्जा मिला: निरीक्षण के दौरान टैफ्को क्षेत्र में नाले पर अवैध कब्जा मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा- अतिक्रमण की वजह से नालों की जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर भर रहा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है. इस मामले में उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए.
जल निगम जिम्मेदार:महापौर ने जलभराव के लिए जल निगम को जिम्मेदार ठहराया. बोलीं- शहर की व्यवस्था बनाए रखना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बुलडोजर कार्रवाई होगी: उन्होंने कहा- नालों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी. महापौर ने कहा- शहर की समस्याओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगी. उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, चाहे अधिकारी किसी भी पद पर क्यों न हो.
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे. महापौर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जल्द से जल्द शहर को जलभराव से राहत दिलाने के निर्देश दिए.
















Leave a Reply