कानपुर में BSc नर्सिंग छात्रा ने फंदा लगाकर किया सुसाइड, पुलिस फिलहाल जांच में उलझी

Spread the love

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने सुसाइड कर लिया. सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी किरायेदारों ने झांककर देखा तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

दरवाजा नहीं खुला तो रोशनदान से देखा, तब हुआ खुलासा: कुशीनगर के टमकुही थाना क्षेत्र की रहने वाली आशिया खातून मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं. वह बगदौधी बांगर में एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराये के कमरे में रहती थीं.

सोमवार सुबह पड़ोस में रहने वाली महिला ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई. अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रोशनदान से देखा तो छात्रा का शव चुनरी के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला. सूचना पर बिठूर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

12 जुलाई को था जन्मदिन, इससे पहले जान दी: 12 जुलाई को आशिया का जन्मदिन था और परिवार उसकी तैयारियों में जुटा था. अचानक हुई इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन कानपुर के लिए रवाना हो गए.

मोबाइल कब्जे में, सभी पहलुओं की जांच: पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है. शुरुआती जांच में मोबाइल पासवर्ड से सुरक्षित होने के कारण उसे तत्काल नहीं खोला जा सका. पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई करेगी और मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

डीसीपी बोले- कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी: डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए, लेकिन ऐसा कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला जिससे मौत के कारण का तत्काल पता चल सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *