UP के हापुड़ जिले में गुरुवार की तड़के एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने जमकर तांडव मचाया. आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री का एक हिस्सा पूरी तरह खाक हो गया और इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया. जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस और फायर सर्विस की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
आग की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर गुलफाम, जो कि बागपत के वांगरौली का रहने वाला था, उसकी जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी. वहीं एक अन्य मजदूर शावेज़ गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी फेज-3 में मसूरी-गुलावठी रोड पर मैसर्स सुख स्टील्स नाम की एक फैक्ट्री है, जहां गद्दे की शीट बनाने का काम होता है. गुरुवार सुबह लगभग 4:15 बजे इस फैक्ट्री के अंदर अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. फैक्ट्री में रखे गद्दे और फोम के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इसकी जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को हुई, तो इलाके में हड़कंप मच गया.सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई.
इस पूरे हादसे पर पिलखुवा के सीओ मुनीश चंद्रा ने बताया कि आज सुबह 4:30 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना धौलाना पर सूचना प्राप्त हुई कि यूपीएसआईडीसी के फेज थर्ड में सुख स्टील फैक्ट्री, जिसमें गद्दे की शीट बनाने का कार्य होता है, अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई. इस सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम तथा थाना धौलाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. 6 फायर टेंडर्स की मदद से आग को पूर्ण रूप से बुझा लिया गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन में शावेज़ पुत्र हामिद घायल हो गया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. तथा गुलफाम पुत्र मुंफेद जिला बागपत की मृत्यु हो गई है, जिसका पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु शव को भेजा जा चुका है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.फिलहाल, फायर ब्रिगेड के अधिकारी फैक्ट्री में आग किन कारणों से लगी और क्या वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं, इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रहे हैं.
















Leave a Reply